सिकहुला गांव को मिली नई सीसी सड़क की सौगात, सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने किया लोकार्पण

ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। तिंदवारी-हमीरपुर-महोबा संसदीय...

Jun 29, 2026 - 18:34
Jun 29, 2026 - 18:35
 0  28
सिकहुला गांव को मिली नई सीसी सड़क की सौगात, सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने किया लोकार्पण

लगभग 17 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क, ग्रामीणों को कीचड़ और जलभराव से मिलेगी राहत

जसपुरा। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। तिंदवारी-हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने विकासखंड जसपुरा के सिकहुला गांव में लगभग 17 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का फीता काटकर लोकार्पण किया। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को विशेषकर बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें बनने से ग्रामीणों का समय बचेगा, आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य आगे भी लगातार कराए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सादिका खातून, कुदरत उल्ला, अजहरुद्दीन एडवोकेट, कमलेश पटेल, नियाजुद्दीन, खालिक खान, जमील खान, बरकत उल्ला, सुरेंद्र यादव, रामसजीवन यादव, शिवदासन प्रजापति, सुरेन्द्र पाल, उमा सिंह, उज्जरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से इस मार्ग पर आवागमन में भारी परेशानी होती थी, लेकिन अब सीसी रोड बनने से उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0