पानी संकट से परेशान लोगों ने किया रोड जाम, प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम

शहर मुख्यालय के देवनगर स्थित पाल मोहल्ला झील का पुरवा में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है...

May 22, 2026 - 16:25
May 22, 2026 - 16:27
 0  19
पानी संकट से परेशान लोगों ने किया रोड जाम, प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम

बांदा के देवनगर पाल मोहल्ले में गहराया पेयजल संकट, 300 लोग एक नल पर निर्भर

बांदा। शहर मुख्यालय के देवनगर स्थित पाल मोहल्ला झील का पुरवा में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने से नाराज़ स्थानीय लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पहुंचकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर तथा जल्द समस्या समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पेयजल संकट के कारण आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

मोहल्ले के निवासी दिनेश गिरि उर्फ नागा बाबा ने जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि पूरे मोहल्ले में केवल एक ही सरकारी नल है, जिस पर करीब 300 से अधिक लोग निर्भर हैं। लेकिन यह नल भी कई दिनों से सूखा पड़ा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

दिनेश गिरि ने कहा कि मोहल्ले के लोग कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार अनदेखी के कारण लोगों में भारी आक्रोश है।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय महिलाओं और युवाओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। वहीं मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान कराया जाएगा और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0