UPTET-2026 परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण आयोजन के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित UPTET-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बांदा...
बांदा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) जनपद बांदा में गुरुवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ हो गई। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी।
परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अमित आसेरी के निर्देश पर जनपद के सभी 8 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर प्रशासन और पुलिस की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जा रही है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक अजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त डीआईजी), पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल तथा जिलाधिकारी अमित आसेरी ने संयुक्त रूप से पंडित जे.एन. पीजी कॉलेज एवं नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा कक्ष, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद में परीक्षा डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, पंडित जे.एन. पीजी कॉलेज, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज (खुरहंड), इंटरमीडिएट कॉलेज तिंदवारी तथा खानकाह इंटर कॉलेज सहित कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। प्रशासन ने दावा किया है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
