बांदा मिनी ओलंपिक में स्टेडियम बांदा ने जीता वॉलीबाल का स्वर्ण
फाइनल मुकाबले में स्टेडियम बांदा ने बांदा मिनी ओलंपिक की किट में उतरते हुए शानदार शुरुआत की और पहला सेट 25-21 से अपने नाम किया...
रोमांचक फाइनल में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी को 25-22 से हराया, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के शानदार स्मैश रहे निर्णायक
बांदा। बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण के तहत बुधवार को पुरुष वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा के वॉलीबाल इंडोर हाल में खेले गए फाइनल में स्टेडियम बांदा ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी बांदा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल के निर्णायक सेट में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के शानदार स्मैश स्टेडियम बांदा की जीत में अहम साबित हुए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज एवं डिप्टी कलेक्टर अंकित वर्मा ने किया। विशिष्ट अतिथि अशोक कुमार त्रिपाठी 'जीतू भैया' रहे। इस अवसर पर जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार गुप्ता, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह, उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. इन्द्रवीर सिंह, मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव, बुंदेलखंड खेल प्रोत्साहन समिति के उपाध्यक्ष गजराज सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
सेमीफाइनल में स्टेडियम और एकेडमी की शानदार जीत
पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम बांदा ने स्वराज क्लब बांदा को सीधे दो सेटों में 25-15 और 25-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी बांदा ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में स्टेडियम ओल्ड को 25-18 और 25-22 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
तीसरे सेट में पलटा मुकाबला
फाइनल मुकाबले में स्टेडियम बांदा ने बांदा मिनी ओलंपिक की किट में उतरते हुए शानदार शुरुआत की और पहला सेट 25-21 से अपने नाम किया। इसके बाद भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 26-24 से जीत लिया और मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक तीसरे सेट में दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक के लिए जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। दर्शकों की जोरदार हौसला-अफजाई के बीच मुकाबला रोमांच की चरम सीमा पर पहुंच गया। अंततः अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के शानदार स्मैशों के दम पर स्टेडियम बांदा ने निर्णायक सेट 25-22 से जीतकर बांदा मिनी ओलंपिक पुरुष वॉलीबाल का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
स्टेडियम बांदा के वॉलीबाल प्रशिक्षक अभिषेक कुमार के प्रशिक्षण में टीम ने इससे पहले भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
वॉलीबाल ऑफिशियल्स हुए सम्मानित
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अभिषेक कुमार, महेश गर्ग, राहुल शुक्ला, सत्येंद्र कुमार, विक्रम कुमार, प्रमोद कुमार, शिवप्रताप सिंह चंदेल, हामिद खान और प्रदीप कुमार वर्मा शामिल रहे। प्रतियोगिता के उद्घोषक की भूमिका डॉ. इन्द्रवीर सिंह जादौन ने निभाई।
मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज एवं डिप्टी कलेक्टर अंकित वर्मा ने सभी ऑफिशियल्स को ऑफिसियल किट देकर सम्मानित किया।
कबड्डी में स्टेडियम बांदा की जीत से आगाज
बांदा मिनी ओलंपिक के तहत स्टेडियम बांदा में कबड्डी प्रतियोगिता का भी शुभारंभ हुआ। डिप्टी कलेक्टर अंकित वर्मा ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
कबड्डी के पहले मुकाबले में स्टेडियम बांदा और जेएन योद्धा आमने-सामने रहे। स्टेडियम बांदा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। कमेंट्री की जिम्मेदारी डॉ. इन्द्रवीर सिंह और रोशन कुमार ने संभाली।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार गुप्ता, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव, उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह, गजराज सिंह, राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी विजयपाल सिंह यादव, सुनील सक्सेना, अंतिमा श्रीवास्तव, राजीव शुक्ला, जुगनू भाई, बाबा फरीद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शतरंज प्रतियोगिता का भी आगाज
भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी बांदा में बांदा मिनी ओलंपिक के अंतर्गत शतरंज प्रतियोगिता का भी शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
बांदा मिनी ओलंपिक के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल रहा है। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
