प्रभु की कृपा का माध्यम है निरंतर प्रयास, हरिवल्लभ भक्तों के पास स्वयं आते हैं भगवान : इंद्रेश जी महाराज

प्रख्यात कथा व्यास पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने प्रथम दिवस की कथा में हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए चित्रकूट की पावन भूमि...

Nov 26, 2026 - 18:08
Nov 26, 2026 - 18:14
 0  18
प्रभु की कृपा का माध्यम है निरंतर प्रयास, हरिवल्लभ भक्तों के पास स्वयं आते हैं भगवान : इंद्रेश जी महाराज

पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का भव्य शुभारंभ

प्रथम दिवस पर गूंजा माता शबरी का पावन चरित्र

बांदा। शहर के पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज मैदान में गुरुवार को संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। प्रख्यात कथा व्यास पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने प्रथम दिवस की कथा में हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए चित्रकूट की पावन भूमि की निकटता का स्मरण किया और माता शबरी के अद्भुत भक्ति चरित्र से कथा का प्रारंभ किया। महाराज जी ने अपने प्रवचनों के माध्यम से समझाया कि सच्ची भक्ति में परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा का विशेष महत्व है। भगवान की प्राप्ति केवल मानवीय प्रयास से नहीं, बल्कि प्रभु की कृपा और इच्छा से संभव होती है।

कथा का निर्धारित समय दोपहर तीन बजे रखा गया था, लेकिन महाराज जी के सीधे वृंदावन से बांदा पहुंचने के कारण कथा पंडाल में उनका आगमन शाम करीब चार बजे हुआ। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। आयोजन की स्वागत व्यवस्था संभाल रहे सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता द्विवेदी ने विधि-विधान से व्यास पीठ पूजन और तुलसी पूजन किया। इसके बाद महाराज जी का माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। पूजन-अर्चन के उपरांत महाराज जी ने व्यास पीठ से कथा का शुभारंभ किया।

हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का किया बखान

प्रथम दिवस की कथा में महाराज श्री ने हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि लक्ष्मी, गरुड़, सुनंद आदि पार्षदों के साथ हनुमान जी, जामवंत, सुग्रीव, विभीषण, माता शबरी, जटायु, ध्रुव, उद्धव, अम्बरीष, विदुर, अक्रूर, सुदामा और पांडव जैसे भक्त भगवान के प्रिय भक्तों की श्रेणी में आते हैं। इन भक्तों की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि ये भगवान के पास नहीं भटके, बल्कि एक स्थान पर बैठकर की गई उनकी अनन्य प्रार्थना और भक्ति से प्रसन्न होकर प्रभु स्वयं चलकर उनके पास आए।

महाराज जी ने हनुमान जी, ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव और माता शबरी के प्रसंगों के माध्यम से समझाया कि जब भक्त की पुकार में सच्चा प्रेम, समर्पण और विश्वास होता है तो भगवान स्वयं भक्त के पास पहुंचते हैं। भक्ति का वास्तविक स्वरूप केवल भगवान को खोजने में नहीं, बल्कि अपने हृदय में उनके प्रति ऐसी श्रद्धा उत्पन्न करने में है कि प्रभु स्वयं भक्त पर कृपा करने के लिए प्रेरित हों।

हमारा प्रयास मिस कॉल, रिटर्न कॉल ठाकुर जी की इच्छा से आएगी

भगवत प्राप्ति में मानवीय पुरुषार्थ और ईश्वर की कृपा का अंतर समझाते हुए महाराज जी ने आधुनिक जीवन से जुड़ा बेहद रोचक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि किसी को भी राम या कृष्ण केवल अपने प्रयास से नहीं मिले, बल्कि ठाकुर जी की इच्छा और कृपा से उनकी प्राप्ति हुई है। हमारा प्रयास एक प्रकार की मिस कॉल की तरह है, जो प्रतिदिन ठाकुर जी के पास जाती है। जब भक्त निरंतर प्रयास करता रहता है तो एक दिन ठाकुर जी की कृपा से रिटर्न कॉल आती है और प्रभु स्वयं भक्त से मिलने चले आते हैं।

उन्होंने बांदा का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां से लगातार हजारों मिस कॉल ठाकुर जी के पास पहुंच रही हैं। पांच दिन की इस कथा का भी एक ही उद्देश्य है कि हे नाथ! हमें भी अपना वल्लभ बनाइए और कभी हमसे मिलने के लिए आप भी बांदा आइए। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान की कृपा प्राप्त करने के लिए प्रयास करना कभी बंद नहीं करना चाहिए। हमारा कर्तव्य निरंतर प्रभु का स्मरण, प्रार्थना और भक्ति करते रहना है। कब ठाकुर जी की कृपा हो जाए, यह केवल उनकी इच्छा पर निर्भर करता है।

माता शबरी के चरित्र से मिले परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा के तीन सूत्र

माता शबरी के जीवन चरित्र का वर्णन करते हुए महाराज जी ने भक्ति के तीन प्रमुख आधार परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा बताए। उन्होंने कहा कि माता शबरी ने प्रभु श्रीराम के मिलन के लिए दीर्घकाल तक साधना की। उनकी भक्ति में कभी निराशा नहीं आई और न ही प्रभु के आगमन की प्रतीक्षा में उनके विश्वास की कमी हुई। शबरी जी का जीवन यह संदेश देता है कि सच्ची भक्ति में धैर्य और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण हैं।

महाराज जी ने कहा कि परिश्रम का अर्थ निरंतर अपने कर्तव्य और साधना में लगे रहना है, प्रार्थना का अर्थ प्रभु से निरंतर जुड़ाव बनाए रखना है और प्रतीक्षा का अर्थ बिना किसी शिकायत के भगवान की कृपा की राह देखना है। इन तीनों का समन्वय ही भक्त को प्रभु के निकट पहुंचाता है।

दिन में तीन बार अवश्य करें भगवान का स्मरण

श्रीमद्भागवत में यमराज के वचनों का संदर्भ देते हुए महाराज जी ने श्रद्धालुओं को प्रतिदिन भगवान का स्मरण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को दिन में कम से कम तीन बार भगवान को अवश्य याद करना चाहिए। प्रातःकाल नींद से जागते ही, दोपहर में और रात्रि को सोने से पूर्व प्रभु का स्मरण करना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने प्रातःकाल की प्रार्थना का भाव समझाते हुए कहा कि भगवान से यही प्रार्थना करनी चाहिए कि हे प्रभु! मुझसे ऐसा कोई कार्य न हो जिससे आप नाराज हों और मेरे जीवन में हर वह कार्य हो जिससे मैं आपसे मिल सकूं। महाराज जी ने 32 नामापराधों की चर्चा करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज जितना भगवद स्मरण किया जाए, कल उससे कम नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रतिदिन भक्ति और स्मरण का क्रम बढ़ना चाहिए।

विनय पत्रिका के पद पर भावविभोर हुए श्रद्धालु

कथा के दौरान महाराज जी ने गोस्वामी तुलसीदास जी की विनय पत्रिका के प्रसिद्ध पद 'को उदार जग माहीं, बिन सेवा जो द्रवै दीन पर, राम सरिस कोउ नाहीं' का भावपूर्ण गायन किया। उन्होंने इस पद का अर्थ समझाते हुए बताया कि दीन-दुखियों पर बिना किसी सेवा के द्रवित होने वाले भगवान श्रीराम के समान इस संसार में कोई उदार नहीं है।

उन्होंने पूरे कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं से इस पद का सामूहिक गायन कराया। देखते ही देखते पूरा पंडाल एक साथ स्वर मिलाकर भक्ति में डूब गया। तालियों की थाप और राम नाम के संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं 'अगर उनसे मिलने की दिल में तमन्ना, तो करते रहो यतन धीरे-धीरे...' भजन पर भी श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।

महाराज जी ने बांदावासियों की ओर से ठाकुर जी को बांदा आने का भावपूर्ण निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि इन पांच दिनों की कथा सुनने का उद्देश्य केवल कथा श्रवण करना नहीं, बल्कि अपने हृदय में ऐसी भक्ति उत्पन्न करना है कि ठाकुर जी भी एक दिन बांदा पधारें। इस दौरान उन्होंने बांदा से अपने पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वह इससे पहले दो बार बांदा आ चुके हैं। वर्ष 2016 में अपने पिताजी की कथा के अवसर पर और वर्ष 2018 में स्वयं रामलीला मैदान में कथा सुनाने के लिए उनका बांदा आगमन हुआ था।

प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री और विधायक ने किया कथा श्रवण

श्री भक्त चरित्र कथा के प्रथम दिवस पर जनपद के जनप्रतिनिधियों और विशिष्टजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कथा के शुभारंभ अवसर पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी ने व्यास पीठ एवं तुलसी पूजन कर महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा के मध्य जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक श्रीमती ओममणि वर्मा भी कथा पंडाल पहुंचे। सभी ने व्यास पीठ का आशीर्वाद लेकर कथा श्रवण किया।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा कथा पंडाल में मौजूद रहे। महाराज जी के प्रवचनों और भजनों के दौरान श्रद्धालु पूरी तन्मयता से कथा का आनंद लेते दिखाई दिए।

22 समितियों के जिम्मे आयोजन की व्यवस्थाएं

संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे और अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी 'जीतू' के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 22 समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के प्रमुख और सदस्य दिन-रात व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हुए हैं।

आयोजन की स्वागत व्यवस्था सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के जिम्मे है, जबकि मंच एवं उद्घोषक व्यवस्था डॉ. धर्मेन्द्र त्रिपाठी संभाल रहे हैं। पेयजल व्यवस्था संतोष राजपूत, आर्थिक प्रबंधन मनोज जैन, प्रसार-कार्ड एवं अक्षत वितरण की व्यवस्था अशोक गुप्ता 'कल्पना' और मीडिया व्यवस्था सी.पी. तिवारी देख रहे हैं।

पुलिस एवं प्रशासन से समन्वय की जिम्मेदारी राजकुमार राज को सौंपी गई है। अनुशासन व्यवस्था मेजर मिथिलेश पाण्डेय, विद्युत आपूर्ति सचिन मिश्रा, महिला बैठक व्यवस्था (पंडाल) श्रीमती रीता गुप्ता और सफाई एवं पंडाल व्यवस्था अंकित बासू संभाल रहे हैं।

इसके अलावा स्वास्थ्य व्यवस्था डॉ. मनोज शिवहरे, कलश यात्रा अमित सेठ 'भोलू', सुरक्षा व्यवस्था स्वर्ण सिंह 'सोनू', प्रसाद एवं भंडारा वितरण आनंद बाजपेई, आवास व्यवस्था नवनीत त्रिवेदी 'देशू', सूचना संपर्क देवेन्द्र सिंह और प्रचार वाहन की जिम्मेदारी प्रकाश तिवारी 'नीलू' को दी गई है।

वाहन पार्किंग व्यवस्था पंकज रैकवार, भंडारा निर्माण द्वारिका सोनी, भंडार गृह राकेश बाजपेई तथा प्रवेशिका पास वितरण एवं जांच की जिम्मेदारी धीरेन्द्र सिंह गौतम संभाल रहे हैं। सभी समितियों के सदस्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हैं।

शुक्रवार से प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी कथा

प्रथम दिवस की कथा के दौरान पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आगामी दिनों के कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सीधे वृंदावन से बांदा पहुंचने के कारण कथा के शुभारंभ में कुछ विलंब हुआ। शुक्रवार 27 नवंबर से 30 नवंबर तक कथा प्रतिदिन अपने निर्धारित समय दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक अनवरत आयोजित होगी।

संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है। कथा के पहले दिन माता शबरी के चरित्र और हरिवल्लभ भक्तों की महिमा के माध्यम से महाराज जी ने श्रद्धालुओं को जो संदेश दिया, उसका सार यही रहा कि सच्ची भक्ति में निरंतर प्रयास, निष्कपट प्रार्थना और अटूट प्रतीक्षा का विशेष महत्व है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0