राम और कृष्ण दो नहीं एक हैं, सियासी विवाद का विषय न बनाएं प्रभु की लीलाएं : इंद्रेश जी महाराज
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के तत्वावधान में पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में चल रही पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को भक्ति...
श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन उमड़े करीब 30 हजार श्रद्धालु, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी लिया व्यास पीठ का आशीर्वाद; गूंजा संत सूरदास जी का पावन चरित्र
बांदा। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के तत्वावधान में पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में चल रही पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को भक्ति, रस और आध्यात्मिक संवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला। दो दिन तक माता शबरी का पावन चरित्र सुनाने के बाद पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने तीसरे दिन भक्ति मार्ग और पुष्टि मार्ग के जहाज कहे जाने वाले महान संत श्री सूरदास जी के चरित्र का शुभारंभ किया। कथा श्रवण के लिए पंडाल में 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिनकी अनुशासित और शांत सहभागिता देख स्वयं महाराज जी भी गदगद हो उठे। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कथा पंडाल में पहुंचकर व्यास पीठ को प्रणाम किया और भक्तों को संबोधित किया।
व्यास पीठ से पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने वर्तमान समय में प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं को लेकर किए जाने वाले अनावश्यक विवादों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राम और कृष्ण में कोई अंतर नहीं है, दोनों एक ही तत्व हैं। भगवान श्रीराम के नयन धीर-गंभीर हैं, जबकि श्रीकृष्ण की लीलाएं मधुर और चंचल हैं। ब्रजवासियों, अयोध्यावासियों और चित्रकूटवासियों के बीच युगों से राम-कृष्ण को लेकर मीठी नोकझोंक चलती रही है, लेकिन सियासी स्वार्थ के लिए प्रभु की लीलाओं का गलत अर्थ निकालकर विवाद खड़ा करना कतई उचित नहीं है।
इंद्रियों की सच्ची तृप्ति का मर्म समझाते हुए महाराज जी ने श्रीमद्भागवत के वेणुगीत "अक्षण्वतां फलमिदं न परं विदामः" का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य चाहे अपनी आंखों को स्विट्जरलैंड, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, कश्मीर, मनाली या समुद्र की कितनी भी सुंदरता दिखा ले, लेकिन ये नेत्र तब तक बेचैन रहेंगे जब तक इन्हें श्यामसुंदर या श्री राघवेंद्र सरकार के दर्शन नहीं हो जाते। इसी तरह कान ठाकुर जी के वचनामृत के बिना, हाथ प्रभु के चरण स्पर्श के बिना और जिह्वा टिक्की-भल्ला या लस्सी से नहीं बल्कि ठाकुर जी के अधरामृत प्रसाद के बिना कभी तृप्त नहीं हो सकती। महाराज जी ने दिल्ली और मथुरा के बीच स्थित सीही ग्राम में संत सूरदास जी के प्राकट्य के साथ उनके जीवन प्रसंग की शुरुआत की।
डिप्टी सीएम का दो टूक संदेश : "अखिलेश जी चाहें तो सैफई में कराएं कथा, लेकिन धार्मिक आयोजनों में विघ्न बर्दाश्त नहीं"
कथा के तीसरे दिन मंच पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यास पीठ को नमन करते हुए कहा कि जब कथा चल रही हो और भक्त सुनने को आतुर हों, तो किसी राजनेता को भाषण नहीं देना चाहिए, बल्कि कथा श्रवण करना चाहिए। समयाभाव के कारण वे पूरी कथा नहीं सुन सके, लेकिन महाराज जी के आने से पूर्व ही पंडाल पहुंचकर उन्होंने भक्तों का उत्साह देखा।
विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आज देश और प्रदेश में भव्य कथाएं हो रही हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक विरोधियों को इससे परेशानी होती है। उन्होंने कहा, "यदि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी यहां कथा करा रहे हैं, तो अखिलेश यादव जी आप भी सैफई में कथा करा लीजिए, हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन यदि कोई कथा कराए और उसमें विघ्न डालने का प्रयास किया गया, तो भाजपा की डबल इंजन सरकार में किसी को भी कथा या धार्मिक यात्रा में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"
भव्य मंदिरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला का मंदिर बन चुका है और काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का बड़ा हिस्सा निर्मित हो गया है। मथुरा का संदर्भ देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत "मेरे कान्हा का मंदिर" भी बनकर रहेगा और सत्य की विजय में कोई बहुत देर तक बाधा नहीं डाल सकता। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए कहा कि "जो कथा सुनता है, वह कमल का बटन ही दबाता है।" इस दौरान उन्होंने चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत की शिवभक्ति की सराहना करते हुए बताया कि बाबा भोलेनाथ की भक्ति में लीन विधायक जी ने लगभग दो वर्षों से अन्न ग्रहण नहीं किया है। अंत में उन्होंने "राधे-राधे", "जय श्री राम", "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के उद्घोष के साथ सभी भक्तों के मनोरथ सिद्ध होने की कामना की।
जब तराजू पर तुलने बैठे तुलसीदास व सूरदास, हल्के पड़े गोपाल जी तो कुटिया में रोए संत
संत सूरदास जी और गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रगाढ़ मित्रता का अत्यंत रोचक और भावपूर्ण प्रसंग सुनाते हुए महाराज जी ने पूरे पंडाल को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने बताया कि एक बार तुलसीदास जी ब्रजमंडल में सूरदास जी से मिलने पहुंचे। आत्मीय चर्चा के बीच दोनों में अपने-अपने आराध्य को लेकर मीठी नोकझोंक छिड़ गई। तुलसीदास जी ने कहा कि आपके ठाकुर तो केवल बंसी बजाते हैं, रक्षा के लिए हमारे धनुर्धारी राघव जी की शरण में आ जाइए। इस पर सूरदास जी ने उत्तर दिया कि आपके ठाकुर को धनुष उठाना पड़ता है, हमारे श्यामसुंदर तो वेणु की ध्वनि से ही शत्रुओं को सुला देते हैं।
निष्कर्ष निकालने के लिए पेड़ पर एक तराजू लटकाया गया। एक पलड़े पर तुलसीदास जी "जय हो मेरे श्री सीताराम" कहकर बैठे, जबकि दूसरे पलड़े पर नेत्रहीन सूरदास जी "जय हो मेरे गोपाल जी" कहकर विराजमान हुए। थोड़ी देर में तुलसीदास जी का पलड़ा भारी होकर नीचे आ गया और सूरदास जी हवा में ऊपर लटक गए। इससे रूठकर सूरदास जी अपनी कुटिया में जाकर रोने लगे और ठाकुर जी को उलाहना दिया कि छह वर्ष की आयु में घर छोड़ दिया, नेत्रहीन होने की कभी शिकायत नहीं की, आपने कंस-पूतना का वध किया और उंगली पर गिरिराज उठाया, पर आज तुलसीदास जी के आगे हल्के पड़कर मेरी नाक कटवा दी।
तब नन्हे गोपाल जी प्रकट होकर सूरदास जी की गोद में बैठे और मुस्कुराते हुए समझाया, "बाबा, दो भारी होते हैं कि तीन? तुलसीदास ने 'सीताराम' कहा तो सीता जी, राम जी और वे स्वयं, तीन बैठ गए। तुमने अकेले छोटे से 'गोपाल जी' को बुलाया, ऊपर से खुद भी दुबले-पतले हो। यदि 'श्री राधा सर्वेश्वर लाल' बुलाते तो किशोरी जी संग खूब पूरी खाकर मोटे-ताजे होकर बैठते।" यह सुनते ही सूरदास जी छड़ी लेकर दोबारा तुलने के लिए दौड़े, लेकिन अंतर्यामी तुलसीदास जी ने हंसते हुए उन्हें गले लगा लिया और बोले, "मुझे सब पता है भीतर कुटिया में कौन दो-तीन का पहाड़ा पढ़ाकर गया है, राम और कृष्ण दोनों एक हैं।"
चित्रकूट को बड़ा उपहार : 11 से 17 जनवरी तक होगा ब्रज और चित्रकूट का मिलन उत्सव
व्यास पीठ से पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने बांदा व समूचे बुंदेलखंड के श्रद्धालुओं को आगामी 11 से 17 जनवरी तक चित्रकूट धाम में होने वाले भव्य राम-जानकी विवाह व श्री गिरधर लाल जी के वार्षिक उत्सव का न्योता दिया। उन्होंने इस आयोजन के चयन से जुड़ा अद्भुत प्रसंग साझा किया:
ठाकुर जी की पर्ची से चुना गया चित्रकूट: प्रतिवर्ष 17 जनवरी को गिरधर लाल जी के चरणों में चार धामों की पर्चियां डालकर अगले वर्ष का स्थान तय होता है। इस बार जगन्नाथ पुरी, तिरुपति बालाजी, गोवर्धन और चित्रकूट की पर्चियां डाली गईं। पहली बार तिरुपति और चित्रकूट की पर्ची एक साथ चरणों के समीप पहुंचीं, जिसके बाद दोनों के बीच पुनः पर्ची डालने पर श्री चित्रकूट धाम का नाम निकला।
देशभर के संत व कलाकार होंगे शामिल: इस सात दिवसीय उत्सव में दोपहर में बुंदेलखंड के लोक गायकों की प्रस्तुति के बाद रामचरितमानस (मुख्यतः बालकांड) की कथा होगी, जबकि रात्रि में देश के सुप्रसिद्ध गायक, नर्तक व कलाकार ब्रज शैली के नित्य उत्सवों में प्रस्तुतियां देंगे।
सुहारी-तरकारी और रबड़ी-बेड़ई का संगम: उत्सव में ब्रज से करीब 500 ब्रजवासी पहुंचेंगे, जिससे यह ब्रज और चित्रकूट वासियों का मिलन उत्सव बनेगा। महाराज जी ने हंसते हुए कहा कि एक दिन चित्रकूट वाले ब्रजवासियों को "सुहारी और तरकारी" खिलाएंगे और अगले दिन ब्रजवासी यहां के लोगों को ब्रज की "रबड़ी, बेड़ई और कचौड़ी" का स्वाद चखाएंगे।
बुंदेली बोली पर छूटी हंसी: महाराज जी ने बुंदेलखंडी बोली के अपनेपन की तारीफ करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यहां के लोग हर वाक्य में एक अतिरिक्त "आ" जरूर लगाते हैं, जैसे "बाजार आ जा रहे हैं" या "कथा आ सुनने जा रहे हैं"।
"हरि दर्शन की प्यासी अखियां..." पर झूमे श्रोता, 30 हजार की भीड़ के अनुशासन पर महाराज जी हुए अभिभूत
कथा के दौरान पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने संत सूरदास जी का अमर पद, "हरि दर्शन की प्यासी अखियां, देखो चाहत कमल नयन को, निस दिन रहत उदासी..." सस्वर गाया, तो पूरा पंडाल भक्तिभाव में डूब गया। महाराज जी ने कहा कि सामान्यतः ऐसे गहन रस-प्रधान प्रसंग सौ-दो सौ या एक-दो हजार श्रोताओं के बीच कहे जाते हैं, लेकिन बांदा में 25 से 30 हजार लोगों को इतनी शांति और तन्मयता से कथा सुनते देखकर उन्हें अपार प्रसन्नता हो रही है।
उन्होंने श्रोताओं से सामूहिक गायन का आग्रह करते हुए कहा कि "बरसाने की छोरी राधा गोरी-गोरी" जैसे भजनों से हम स्वयं प्रसन्न होते हैं, जबकि सूरदास जी के ऐसे पदों से स्वयं श्यामसुंदर प्रसन्न होते हैं। उन्होंने सूरदास जी की अनन्य भावना का उल्लेख किया कि जन्म से नेत्रहीन होने को भी वे प्रभु की कृपा मानते थे, क्योंकि उनके नेत्र सांसारिक दृश्यों से अछूते "कुंवारे" रहे और केवल हरि दर्शन की प्रतीक्षा करते रहे। इसी क्रम में उन्होंने हनुमान जी के प्रेम का वर्णन करते हुए बताया कि सूर्यास्त के समय श्रीराम के कनक भवन में प्रवेश करते ही हनुमान जी अपने गुरु सूर्यनारायण से अस्ताचल न जाने की प्रार्थना करते हैं और पूरी रात द्वार पर बैठकर प्रभु के वियोग में नेत्रों की पीड़ा सहते हैं।
इन जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों व संस्थाओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही जनपद व बुंदेलखंड के अनेक जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक पदाधिकारियों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कथा श्रवण कर व्यास पीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर यजमान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के साथ चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बाबूलाल तिवारी, हमीरपुर-महोबा के पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, भाजपा बांदा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, भाजपा महोबा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा तथा बांदा नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त लवलेश सिंह, चित्रकूट से पधारे नरेंद्र गुप्ता, पंकज अग्रवाल व सुशील द्विवेदी तथा बांदा सिंधी समाज के अंतर्गत श्री रामकथा मंडल व श्री प्रेम प्रकाश मंडल के प्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
तृतीय दिवस की अमृतवाणी
- "नेत्रों का सबसे बड़ा साफल्य यही है कि गैया चराते हुए श्यामसुंदर सामने से गुजरें और आंखें उनके दर्शन कर लें; उसके बाद दुनिया की कोई सुंदरता देखने की इच्छा शेष नहीं रहेगी।"
- "रस-सिद्ध परंपरा में प्रवेश के लिए संत सूरदास जी का चरित्र सबसे सरल द्वार है; जिसने उनका आश्रय लिया वह भवसागर से तर जाएगा।"
- "तुलसीदास जी और सूरदास जी की तरह भक्ति में मीठा संवाद हमारी परंपरा है, इसे सियासी चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
