उत्तर प्रदेश का नहीं होगा विभाजन, विधानसभा में बढ़ेंगी सीटें : अमित शाह
उत्तर प्रदेश के विभाजन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि...
132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी, विधानसभा सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के विभाजन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं होगा। प्रदेश अविभाजित रहते हुए भी विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी देना जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
अमित शाह के अनुसार, प्रस्तावित संविधान संशोधन के तहत राज्य विधानसभाओं में अधिकतम सीटों की सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रावधान किया गया है। इससे उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य को बिना विभाजन के विधानसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने का अवसर मिलेगा। इस व्यवस्था से प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप अधिक जनप्रतिनिधियों को सदन में पहुंचने का मौका मिल सकेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान भी महत्वपूर्ण है। इससे उत्तर प्रदेश की महिलाओं को विधानसभा में अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व प्राप्त हो सकेगा। महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को सदन में अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
अमित शाह ने कहा कि विधानसभा में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से अलग-अलग क्षेत्रों की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों को बेहतर तरीके से सदन में रखा जा सकेगा। इससे क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाने और विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी। अधिक प्रतिनिधित्व से जनता और उसके निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच संवाद भी मजबूत होगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक विधेयक का स्वागत करें और इसके समर्थन में आगे आएं। अमित शाह के बयान के बाद प्रदेश के विभाजन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच विधानसभा में सीटों के संभावित विस्तार और महिला प्रतिनिधित्व का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
