बांदा में जल-जंगल-पहाड़ बचाओ अभियान को मिली नई दिशा
जिले के जल स्रोतों, वनों और पहाड़ों के घटते अस्तित्व पर चिंता व्यक्त करते हुए ‘बांदा जल-जंगल-पहाड़ बचाओ अभियान’ के तहत वन चेतना पार्क...
पर्यावरण संरक्षण के लिए जुटे बुद्धिजीवी, युवाओं ने लिया हरित भविष्य का संकल्प
वन चेतना पार्क में बैठक, पेड़ बचाने और जल संरक्षण पर बनी कार्ययोजना
बांदा। जिले के जल स्रोतों, वनों और पहाड़ों के घटते अस्तित्व पर चिंता व्यक्त करते हुए ‘बांदा जल-जंगल-पहाड़ बचाओ अभियान’ के तहत वन चेतना पार्क, नवाब टैंक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, पर्यावरण प्रेमियों और युवाओं ने अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता लव सिन्हा ने किया।
इस अवसर पर पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने शहरों में हो रही अंधाधुंध पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता जताई और अभियान को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। पर्यावरण प्रेमी सिद्धार्थ सिंह ने खनन के विकल्प तलाशने पर जोर दिया, जबकि शिक्षक अभिषेक शुक्ला ने वैज्ञानिक तरीके से पेड़ों के स्थानांतरण तथा प्रत्येक घर के बाहर दो पेड़ लगाने की व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया।
छात्र नेता शैलेन्द्र कुमार वर्मा और अनिल प्रजापति ने जल संरक्षण, जल पुनर्चक्रण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही। समाजसेवी रत्नेश गुप्ता और सेवर्स ऑफ लाइफ के संस्थापक सदस्य सलमान खान ने नई कॉलोनियों में 20 प्रतिशत ग्रीन लैंड अनिवार्य करने तथा बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने की मांग की। वहीं यश त्रिवेदी और ओम राजपूत ने अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जागरूकता चौपाल आयोजित करने का सुझाव दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान से जुड़े सभी सदस्य जल संरक्षण, वनीकरण, पहाड़ संरक्षण और जनजागरूकता से संबंधित अपनी-अपनी लिखित कार्ययोजना तैयार करेंगे। वरिष्ठ समाजसेवी राकेश बाजपेई ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
बैठक में पद्मश्री उमाशंकर पांडे, लव सिन्हा, शैलेन्द्र कुमार वर्मा, साजिद अली, अमीर खान, राकेश बाजपेई, रामेंद्र शर्मा, अभिषेक शुक्ला, सलमान खान, अमित यादव, यश त्रिवेदी, कार्तिक आनंद, अनिल प्रजापति, सिद्धार्थ सिंह, अंकुर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
