चित्रकूट में संदिग्ध विस्फोट से मचा हड़कंप, मौके पर मिले मानव अंग

पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में जगदीश गौतम के खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में हुए भीषण विस्फोट से सनसनी फैल गई...

Sep 14, 2026 - 16:33
Sep 14, 2026 - 16:36
 0  100
चित्रकूट में संदिग्ध विस्फोट से मचा हड़कंप, मौके पर मिले मानव अंग

अशोह गांव में खाली प्लॉट में हुआ तेज धमाका, बड़ा गड्ढा बना; जांच के लिए बांदा से विशेषज्ञ टीम और लखनऊ से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया

चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में जगदीश गौतम के खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में हुए भीषण विस्फोट से सनसनी फैल गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर मानव शरीर के अंग मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। एहतियातन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घटनास्थल पर बड़ा गड्ढा बन गया। धमाके के प्रभाव से मिट्टी और कीचड़ आसपास की दीवारों पर जा गिरे, जबकि पेड़ों के पत्ते भी झड़ गए। मौके से कपड़ों के चिथड़े मिलने की भी सूचना है।

एसपी के अनुसार, प्लॉट के अंदर एक पैर और करीब 300 मीटर दूर सड़क के दूसरी ओर दूसरा पैर मिलने की सूचना है। पुलिस फिलहाल बरामद मानव अंगों की जांच और मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है।

बांदा से विशेषज्ञ टीम, लखनऊ से पहुंचेगा बम निरोधक दस्ता

एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विस्फोट का प्रतीत हो रहा है। घटना की गहन जांच के लिए बांदा से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है। वहीं, लखनऊ से बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच रहा है। टीम विस्फोट के कारणों और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट कैसे हुआ और क्या इसके पीछे किसी व्यक्ति की संलिप्तता है। जमीन मालिक ने पहाड़ी थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले मानव अंगों और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कर मृतक की पहचान, विस्फोट के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0