रामलीला मैदान में गूंजे 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयकारे, धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
शहर के रामलीला मैदान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान देर शाम भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया...
भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग पर झूम उठे श्रद्धालु, बाल स्वरूप के दर्शन को उमड़ी भीड़
बाँदा। शहर के रामलीला मैदान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान देर शाम भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही पूरा कथा पंडाल 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमने और नृत्य करने लगे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजे नन्हे बालक के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कथा व्यास परम पूज्य गुरुदेव धर्मगुरु आचार्य पंडित रमाकांत कौशिक जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का महात्म्य बताते हुए कहा कि कलियुग में भागवत कथा का श्रवण करने मात्र से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग मिलता है। भागवत कथा मन को शांति प्रदान करती है और मनुष्य के अहंकार का नाश कर उसे सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि जब धरती पर अत्याचार और अनाचार बढ़ गया तथा चारों ओर त्राहि-त्राहि मच गई, तब भगवान श्रीकृष्ण ने देवकी के आठवें पुत्र के रूप में अवतार लेकर अत्याचारी कंस का संहार किया और धर्म की स्थापना की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का भी भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भागवत आचार्य का अभिनंदन किया। आयोजन में पंडित श्री मृदुल कृष्ण महाराज, देवी स्नेहा प्रिया कौशिक एवं देवी श्रद्धा प्रिया की भी सहभागिता रही।
इस अवसर पर आयोजक श्रीमती सोनिया गुप्ता, मनभावन गुप्ता, श्रीमती किरण, रवि प्रकाश गुप्ता, सोनू, सिलम, मोनू, शालू, शिवानी, ज्ञानू सहित ऋषि, सूरज, दिव्यांश, अयांश, प्रिया, श्रेया, राधिका, राशि, श्रुति, रघुवंश आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
