लखनऊ में मना हुआ ऑपरेशन, बांदा में डॉक्टरों ने किया कमाल
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के नाक, कान, गला एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि...
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में 6 घंटे चला ऑपरेशन
17 वर्षीय युवक की नाक से 3x3 सेमी का ट्यूमर निकाला गया
बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के नाक, कान, गला एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों में भी जटिल से जटिल सर्जरी संभव है। उन्होंने 17 वर्षीय युवक की नाक की नस में मौजूद 3x3 सेंटीमीटर के जुवेनाइल नासोफैरिंजियल एंजियोफाइब्रोमा (JNA) ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर बड़ी चिकित्सीय उपलब्धि हासिल की।
सिमौनी निवासी 17 वर्षीय उत्तम पुत्र चुनुबाद को बचपन से जुकाम की समस्या रहती थी। बीते छह महीनों से उसकी परेशानी बढ़ गई थी। जुकाम के साथ नाक से खून आना और सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई। परिजन पहले स्थानीय डॉक्टरों के पास गए, बाद में लखनऊ में जांच कराई, जहां नाक के अंदर नस में बड़ा ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। जटिलता को देखते हुए वहां के चिकित्सकों ने ऑपरेशन से मना कर हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन वापस बांदा लौट आए और मेडिकल कॉलेज में डॉ. भूपेंद्र सिंह से संपर्क किया। जांच के बाद मरीज को भर्ती कर मंगलवार को लगभग 5 से 6 घंटे चली जटिल सर्जरी के माध्यम से ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया गया।
डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ट्यूमर नस में होने के कारण ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पूर्व अनुभव के आधार पर टीम ने सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि यदि यही सर्जरी किसी बड़े निजी अस्पताल में होती तो लाखों रुपये खर्च हो सकते थे, जबकि यहां मरीज को केवल सरकारी शुल्क ही देना पड़ा।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एस. के. कौशल ने इस सफलता पर पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे मेडिकल कॉलेज के लिए गर्व का विषय बताया।
ऑपरेशन टीम में ईएनटी सर्जन डॉ. कबीर, डॉ. प्रियंका, डॉ. कपिल, डॉ. मृत्युंजय मल्होत्रा, डॉ. सुरभि राजोरिया सहित एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. सुशील पटेल, डॉ. प्रिया दीक्षित, डॉ. आशुतोष वर्मा, डॉ. पंकज, डॉ. अजीत, डॉ. विनीत, डॉ. सायबा एवं ओटी स्टाफ के सदस्य शामिल रहे।
इस सफल सर्जरी ने यह सिद्ध कर दिया कि जिले में भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं और मरीजों को बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
