बांदा कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव-2026 का शुभारंभ, 12 अगस्त को होगा दीक्षांत समारोह

बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 12 अगस्त 2026 को प्रस्तावित 12वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित दीक्षोत्सव-2026 का गुरुवार को गरिमामय वातावरण...

Aug 7, 2026 - 16:44
Aug 7, 2026 - 16:46
 0  11
बांदा कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव-2026 का शुभारंभ, 12 अगस्त को होगा दीक्षांत समारोह
  • बांदा कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ
  • 12 अगस्त को होने वाले 12वें दीक्षांत समारोह से पहले पांच दिवसीय आयोजन शुरू
  • भाषण, निबंध, पोस्टर मेकिंग और काव्य पाठ प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

बांदा। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 12 अगस्त 2026 को प्रस्तावित 12वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित दीक्षोत्सव-2026 का गुरुवार को गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। यह पांच दिवसीय आयोजन 6 से 10 अगस्त तक चलेगा, जिसमें विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेलकूद से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

उद्यान महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अजीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पौधा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, दीक्षोत्सव-2026 के समन्वयक डॉ. धीरज मिश्रा ने आयोजन की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दीक्षोत्सव केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

दीक्षोत्सव के प्रथम दिवस भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय के विवेक गांधी ने प्रथम, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अनुज यादव ने द्वितीय तथा उद्यान महाविद्यालय के पुष्पेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दूसरे दिन पोस्टर मेकिंग एवं स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर अधिष्ठाता कृषि प्रो. जी.एस. पंवार, अधिष्ठाता उद्यान प्रो. एस.वी. द्विवेदी, अधिष्ठाता वानिकी प्रो. संजीव कुमार, सह अधिष्ठाता पशु चिकित्सा विज्ञान डॉ. शैलेन्द्र कुमार चौरसिया सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. पूनम पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षोत्सव-2026 के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0