जन समस्याओं के समाधान को दिया जाए सर्वोच्च प्राथमिकता : सांसद

सांसद कृष्णा देवी पटेल की अध्यक्षता में जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई...

Jun 10, 2026 - 11:17
Jun 10, 2026 - 11:18
 0  5
जन समस्याओं के समाधान को दिया जाए सर्वोच्च प्राथमिकता : सांसद

संपर्क मार्गों के निर्माण में विलंब पर जताया असंतोष

दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, सांसद ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

चित्रकूट। सांसद कृष्णा देवी पटेल की अध्यक्षता में जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। 

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत शिवरामपुर बरगढ़ माधा मार्ग पर सड़क निर्माण उपरांत शेष पेंटिंग कार्य के संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड द्वारा अवगत कराया गया कि एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। अरछा बरेठी कमासिन मार्ग से भगतपुरवा संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। खोह-मानिकपुर मार्ग से रामपुरिया संपर्क मार्ग के शेष कार्यों के संबंध में अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि शासन स्तर पर अनुमति के लिए पत्राचार किया गया है। इस पर सांसद ने कार्यों में विलम्ब पर असंतोष व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सांसद ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अवशेष आवासों की समीक्षा में जिला विकास अधिकारी ने बताया कि 480 आवास विभिन्न कारणों से अपूर्ण हैं। इस पर सांसद ने निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को यथाशीघ्र लाभान्वित किया जाए तथा रामनगर, सेमरदहा एवं खरसेड़ा में घटना से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता आवास उपलब्ध कराई जाए।

ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी द्वारा अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की रिपोर्ट लेखपालों द्वारा समय से उपलब्ध न होने की समस्या उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी तथा वित्तीय वर्ष में आगजनी से प्रभावित परिवारों का पृथक विवरण तैयार कराया जाएगा। सांसद ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में हैंडपंप रीबोर की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाए। साथ ही जहां पेयजल संकट की स्थिति है, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी नागरिक को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। कृषि विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा योजनाओं से संबंधित होर्डिंग स्थापित किए जाएं। कसहाई क्षेत्र में एक खुले नाले के कारण गौवंशों के गिरने की शिकायत पर माननीय सांसद ने संबंधित विभाग को नाले को सुरक्षित रूप से ढकवाने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 288 गौशालाएं संचालित हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि शासन के निर्देशानुसार 28 गौशालाओं का संचालन स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) को आवंटित किया गया है। सांसद ने पशुओं के टीकाकरण एवं रोग नियंत्रण संबंधी जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में अधिशासी अभियंता, जल निगम द्वारा बताया गया कि जनपद की 314 ग्राम पंचायतों में नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। कुछ ग्राम प्रधानों द्वारा जलापूर्ति प्रारंभ न होने के बावजूद हस्ताक्षर कराए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वास्तविक जलापूर्ति सुनिश्चित होने के पश्चात ही प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। सांसद ने सड़कों की खुदाई के उपरांत उनके पुनर्स्थापन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने तथा निर्मित एवं अवशेष सड़कों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सदर विधायक द्वारा मड़फा किले तक पेयजल आपूर्ति के लिए सहभागिता निधि से स्वीकृत परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। पर्यटन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि स्वीकृत धनराशि अनुमानित लागत से कम होने के कारण परियोजना स्वीकृत नहीं हो सकी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को तीन दिवस के भीतर जांच कर आख्या प्रस्तुत करने तथा जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कोठी तालाब प्रकरण में पर्यटन विभाग द्वारा बताया गया कि टीएससी तकनीकी जांच समिति द्वारा जांच पूर्ण कर आख्या आ गई है। अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग राजापुर को निर्देशित किया गया कि आंधी एवं प्राकृतिक आपदाओं में क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को तत्काल बदला जाए तथा प्रतिस्थापित पोलों का विवरण भी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में सांसद ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम पुलकित गर्ग ने बैठक में प्राप्त सुझावों एवं निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन देते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, विधायक सदर अनिल प्रधान, डीएम पुलकित गर्ग, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख मानिकपुर अरविंद मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटियार, दिशा समिति के सदस्यगण एवं सांसद प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0