हजारों दर्शकों की मौजूदगी में ऐतिहासिक आयोजन का हुआ भव्य समापन
52वें राष्ट्रीय रामायण मेले का भव्य समापन रविवार को पद्म विभूषित तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य...

अनुपमा त्रिपाठी के कथक में झलका कृष्ण प्रेम
मयूर नृत्य और फूलों की होली ने मोहा मन
चित्रकूट। 52वें राष्ट्रीय रामायण मेले का भव्य समापन रविवार को पद्म विभूषित तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेले की शोभा बढ़ाई।
रायपुर के पद्म विभूषण भारती बंधु द्वारा भजन गायन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। गुरुकुलम् कथक केंद्र, बाँदा की संचालिका एवं प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना अनुपमा त्रिपाठी ने अपनी नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों और गोपियों के प्रति उनके प्रेम का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने एकल नृत्य में 'चतुरंग' की प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसमें पारंपरिक बंदिशें एवं बोल "छूम छननन बाजत पैजनिया" सम्मिलित थे। इसके पश्चात, अनुपमा त्रिपाठी के निर्देशन में गुरुकुलम् के कलाकारों ने मीराबाई पर आधारित 'मीरा भक्तिनाद' नृत्य नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को कभी प्रेमी, कभी बालक, कभी योद्धा और कभी वैरागी के रूप में दिखाया गया।
गिरधर गोपाल शर्मा, मथुरा के कलाकारों द्वारा शानदार मयूर नृत्य व फूलों की होली की प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं, प्रयागराज की सुजाता केसरी व उनकी टीम ने पारंपरिक ढेड़िया नृत्य का प्रदर्शन कर कार्यक्रम में और अधिक रंग भरा।
इस भव्य अवसर पर पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, मेले के कार्यकारी अध्यक्ष प्रक्षांत करवरिया, महामंत्री करुणा शंकर द्विवेदी ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंत्री प्रद्युम्न दुबे लालू, संयुक्त मंत्री मनोज गर्ग द्विवेदी, आशुतोष पाठक, राम प्रताप शुक्ला सहित हजारों दर्शक उपस्थित रहे।
पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश, अंतर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, अयोध्या (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं राष्ट्रीय रामायण मेला, चित्रकूट धाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन ने संस्कृति एवं भक्ति की एक अनूठी छाप छोड़ी।
What's Your Reaction?






