भाद्रपद अमावस्या मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं एसपी अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, सीडीओ डीपी पाल की मौजूदगी में आगामी भाद्रपद मास...

Sep 9, 2026 - 13:22
Sep 9, 2026 - 13:23
 0  1
भाद्रपद अमावस्या मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

अमावस्या मेले के इंतजाम में किसी भी स्तर पर न बरती जाए लापरवाही : डीएम

साफ-सफाई समेत बिजली, पानी, खोया पाया केन्द्र, नदी घाट में बैरीेकेटिंग, पार्किंग आदि की समीक्षा कर जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

ट्रैक्टर ट्राली से आवागमन रहेगा प्रतिबंधित

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं एसपी अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, सीडीओ डीपी पाल की मौजूदगी में आगामी भाद्रपद मास की अमावस्या मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।

बैठक में डीएम ने बताया कि 11 सितंबर को भाद्रपद मास की अमावस्या का पर्व है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। डीएम ने खंड विकास अधिकारी से मेले के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बताया गया कि साफ सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था के साथ तीन अस्थायी रैन बसेरे भरथौल एवं संग्रामपुर सहित चिन्हित स्थानों पर बनाए जाते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि समय अत्यंत कम है, इसलिए रैन बसेरों का निर्माण तत्काल पूर्ण कराया जाए। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा भी दो अस्थायी रैन बसेरे बनाए जाएंगे। इस प्रकार कुल पांच अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था रहेगी। डीएम ने नगर पालिका एवं खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी रैन बसेरों में प्रकाश, पेयजल एवं साफ सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वहां एक कर्मचारी की तैनाती भी की जाए। उन्होंने रैन बसेरों के बाहर स्पष्ट बैनर लगवाने के निर्देश दिए। जिसमें रैन बसेरे का स्थान, क्षमता एवं तैनात कर्मचारी का मोबाइल नंबर अंकित हो। जल संस्थान को पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले के दौरान चिन्हित प्रमुख चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खोया-पाया केंद्र खोही, रामसैया, रामघाट एवं बेड़ी पुलिया पर सुचारु रूप से संचालित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने निर्देशित किया कि पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। संबंधित थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस यह सुनिश्चित करें कि पैदल श्रद्धालुओं के साथ किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। कोई भी श्रद्धालु सड़क के किनारे न सोने पाए। इसकी विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों को भी इस संबंध में आवश्यक सहयोग एवं निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर रैंप बनवाने तथा जहां जलभराव हो रहा है वहां बालू डलवाने के निर्देश दिए। नगर पालिका को मोबाइल टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी सार्वजनिक शौचालयों को खुले एवं साफ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शौचालय में ताला नहीं लगा होना चाहिए। जिलाधिकारी ने शहर, रेलवे स्टेशन तथा परिक्रमा मार्ग पर विशेष साफ सफाई अभियान चलाकर बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने पर्यटन विभाग द्वारा परिक्रमा मार्ग पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के कारण मार्ग पर किसी भी प्रकार का मलबा न रहने पाए। आवारा पशुओं को नियंत्रित करने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवारी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रहने तथा परिक्रमा मार्ग पर छोटे गैस सिलेंडरों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए अभियान चलाकर चेकिंग की जाए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर गुटखा एवं पान की बिक्री एवं सेवन पर भी पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रामघाट पर वोटिंग, नौका संचालन, बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्थाएं सिंचाई विभाग द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।  नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को रामघाट पर चेजिग रूम स्थापित करने तथा रामघाट एवं परिक्रमा मार्ग पर अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। सीतापुर पुलिस चौकी को निर्देशित किया कि परिक्रमा मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि मार्गों एवं मेला क्षेत्र में लटक रहे विद्युत पोल एवं तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा कहीं भी विद्युत संबंधी दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का मनोयोग एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा उन्हें सौंपे गए कार्यों को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एडीएम नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, एडीएम न्यायिक अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0