मंदाकिनी नदी के कायाकल्प को वृहद सफाई अभियान जारी
मंदाकिनी नदी की स्वच्छता, अविरलता और सौंदर्य को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम की शुरुआत की गई है...
डीएम के निर्देश, रामघाट में युद्धस्तर पर कराएं कार्य
चित्रकूट। मंदाकिनी नदी की स्वच्छता, अविरलता और सौंदर्य को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम की शुरुआत की गई है। डीएम पुलकित गर्ग के निर्देशन पर रामघाट स्थित मंदाकिनी नदी में वृहद सफाई अभियान पूरी सजगता के साथ चलाया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए ’उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया है। कार्यदायी संस्था की देखरेख में अनुबंधित तकनीकी फर्म नारायण इंजीनियर्स इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आधुनिक उपकरणों और मैनपावर के माध्यम से नदी की तलहटी से काई, जलकुंभी एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। डीएम इस अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। ताकि कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न हो सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य मंदाकिनी के प्राकृतिक स्वरूप को बहाल करना और जलीय पारिस्थितिकी को सुरक्षित करना है। डीएम ने कहा कि मंदाकिनी नदी चित्रकूट की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। आम जनमानस से भी अपील है कि वे नदी को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
