बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे बढ़े जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज

तीर्थक्षेत्र चित्रकूट में भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की प्रेरणा से श्रीतुलसीपीठ सेवा न्यास...

Sep 12, 2026 - 16:50
Sep 12, 2026 - 16:54
 0  16
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे बढ़े जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज

चित्रकूट। तीर्थक्षेत्र चित्रकूट में भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की प्रेरणा से श्रीतुलसीपीठ सेवा न्यास एवं रामानन्द मिशन द्वारा व्यापक राहत अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद परिवारों और साधु-संतों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

आचार्य रामचन्द्र दास जी महाराज ने बताया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत करीब एक हजार जरूरतमंद परिवारों और साधु-संतों तक राहत सामग्री पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

बाढ़ की विभीषिका के कारण जिन परिवारों के घर और दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुएं प्रभावित हुई हैं, उनकी जरूरतों को देखते हुए विशेष बाढ़ राहत किट तैयार की गई हैं। इन किटों में गद्दा, रजाई, मच्छरदानी, चादर, दरी एवं चटाई जैसी आवास एवं शयन सामग्री के साथ बाथरूम एवं स्वच्छता किट, चार थाली, चार गिलास तथा राशन सामग्री शामिल है। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक पहनने योग्य कपड़े भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राहत अभियान को चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए बीहड़ एवं जंगलों में निवास करने वाले साधु-संतों तक भी सहायता पहुंचाई जा रही है। रामानन्द मिशन के कार्यकर्ताओं द्वारा संतों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा रही है, ताकि बाढ़ के कारण उनकी साधना एवं दैनिक जीवन में उत्पन्न हुई कठिनाइयों को कम किया जा सके।

इस सेवा अभियान के माध्यम से बाढ़ की कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे लोगों तक सहायता और संवेदना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की प्रेरणा से चल रहे इस सेवा कार्य में श्रीतुलसीपीठ सेवा न्यास एवं रामानन्द मिशन के कार्यकर्ता निरंतर जुटे हुए हैं।

अभियान का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों के जीवन में पुनः आशा, सम्मान और सहारा पहुंचाना है। सेवा से जुड़े लोगों ने आमजन से भी इस सेवा-यज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0