अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन की जिला कमेटी का विस्तार, पांच ब्लॉक अध्यक्ष घोषित
उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला कमेटी का विस्तार किया...
एरियर और नियमितीकरण की मांगों पर संघर्ष जारी : विक्रम सिंह
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला कमेटी का विस्तार किया। बेड़ीपुलिया स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने अनुदेशकों की बैठक लेकर संगठन की मजबूती और उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने जिला कमेटी के विस्तार की घोषणा करते हुए अनुदेशकों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ तथाकथित संगठन और स्वयंभू नेतृत्वकर्ता अनुदेशकों को एरियर, नियमितीकरण और न्यायिक लड़ाई के परिणाम को लेकर निराश करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में अनुदेशकों को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपने संगठन, नेतृत्व और संघर्ष पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुदेशकों की कानूनी लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने में वरिष्ठ अधिवक्ता पी.एस. पटवालिया और अधिवक्ता आर.के. सिंह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सभी अनुदेशकों को देश की सर्वोच्च न्यायालय और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखते हुए धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी के डराने या निराशाजनक बयान देने से अधिकार समाप्त नहीं हो जाते। एरियर और नियमितीकरण संगठन की प्रमुख मांगें हैं और इनके लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने अनुदेशकों से अफवाहों से दूर रहने तथा कानूनी मामले से संबंधित जानकारी आधिकारिक स्रोतों और संगठन के माध्यम से प्राप्त करने की अपील की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने कहा कि सभी अनुदेशकों को संगठित होकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयास करना होगा। संगठन की एकजुटता ही उनकी मांगों को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने सभी अनुदेशकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान जनपद के पांच ब्लॉकों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई। इनमें पहाड़ी, कर्वी, मऊ, रामनगर और मानिकपुर ब्लॉक शामिल हैं। जिला कमेटी के विस्तार और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपे जाने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अतुल अवस्थी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील पाण्डेय, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी हिरदेश सिंह, बांदा के जिला कोषाध्यक्ष आशुतोष दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सोनी, सचिव भास्कर द्विवेदी, जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार, कर्वी, पहाड़ी, मऊ, रामनगर, मानिकपुर ब्लॉकों के अध्यक्षों सहित दर्जनों अनुदेशक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
