उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाओं पर हुआ विचार विमर्श
सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में गुरु पूजन के साथ “विजन सेंटर प्रबंधन एवं परियोजना क्रियान्वयन विषय पर चार दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ...
चित्रकूट। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में गुरु पूजन के साथ “विजन सेंटर प्रबंधन एवं परियोजना क्रियान्वयन विषय पर चार दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। साथ ही देश के कोने कोने से कार्यशाला में प्रतिभाग करने आए सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व पद्मश्री डॉ बीके जैन को श्रद्धांजलि अर्पित किया। कार्यशाला को ऑर्बिस इंटरनेशनल का सहयोग प्राप्त है।
कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के निदेशक एवं कार्यकारी न्यासी डॉ. इलेश जैन ने प्रतिभागियों, विशेषज्ञों एवं सहयोगी संस्थाओं का स्वागत करते हुए समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ नेत्र सेवाएं पहुंचाने में विजन सेंटरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ऑर्बिस इंटरनेशनल के कंट्री डायरेक्टर डॉ. ऋषिराज बोराह ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने समुदाय के स्तर पर विजन सेंटरों की आवश्यकता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विजन सेंटर समुदाय और उच्च स्तरीय नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं।
उन्होंने विजन सेंटरों के माध्यम से समय पर दृष्टि जांच, उचित उपचार, रेफरल एवं फॉलोअप सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विजन सेंटरों की योजना एवं स्थापना, आवश्यकता का आकलन, आधारभूत संरचना, मानव संसाधन नियोजन, सेवा गुणवत्ता, सामुदायिक सहभागिता, प्रभावी रेफरल प्रणाली तथा परियोजना क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं को बेहतर बनाना है। कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों से आए परियोजना प्रबंधकों, आउटरीच समन्वयकों, विजन सेंटर प्रभारियों एवं नेत्र स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों द्वारा सहभागिता की जा रही है। प्रतिभागियों को विजन सेंटर प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी एवं अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। कार्यशाला के दौरान नीड असेसमेंट, विजन सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान का चयन, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं उपकरण नियोजन, मानव संसाधन प्रबंधन, सामुदायिक जुड़ाव, स्क्रीनिंग एवं रेफरल प्रक्रिया, डेटा प्रबंधन, सेवा गुणवत्ता तथा टेली ऑप्थल्मोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि विजन सेंटर केवल प्राथमिक नेत्र जांच का केंद्र न होकर समुदाय और बेस अस्पताल के बीच एक प्रभावी संपर्क एवं रेफरल केंद्र के रूप में कार्य करें। इसके माध्यम से मरीजों को समय पर जांच, उपचार, चश्मा एवं आवश्यकता के अनुसार उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाओं से जोड़ा जा सके। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों द्वारा प्रमुख सीख एवं अनुभव साझा किए जाएंगे तथा विजन सेंटर सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
