गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली के समग्र पर्यटन विकास परियोजना का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

डीएम पुलकित गर्ग व एसपी अरूण कुमार सिंह ने गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर के समग्र पर्यटन विकास के लिए राज्य सेक्टर योजनान्तर्गत स्वीकृत...

Aug 18, 2026 - 10:08
Aug 18, 2026 - 10:09
 0  3
गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली के समग्र पर्यटन विकास परियोजना का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

20 सितम्बर तक अवशेष कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग व एसपी अरूण कुमार सिंह ने गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर के समग्र पर्यटन विकास के लिए राज्य सेक्टर योजनान्तर्गत स्वीकृत परियोजना का निरीक्षण किया। परियोजना की स्वीकृत लागत ’2089.26 लाख’है। परियोजना के अंतर्गत लाइब्रेरी ब्लॉक, डॉरमेट्री एवं पब्लिक एमेनिटी ब्लॉक, पब्लिक सेनेटेशन ब्लॉक, मल्टीपरपज हॉल, कंट्रोल रूम, गार्ड रूम, तुलसी स्मारक भवन का रेनोवेशन, बाह्य स्थल विकास, विद्युत एवं सीसीटीवी, बाह्य एवं आंतरिक सीवेज एवं प्लम्बिंग, फूड फायर स्टेशन, म्यूजियम इंटरप्रिटेशन, ऑडियो विजुअल तथा लैंडस्केपिंग सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। 

डीएम ने निर्देश दिए कि 19 अगस्त से पूर्व परियोजना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित कर ली जाएं तथा शेष कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराया जाए। परियोजना के लिए अब तक लगभग 17 करोड़ की धनराशि की किस्त जारी की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगली किस्त जारी करने से पूर्व उनसे अनुमति प्राप्त की जाए। परियोजना स्थल पर जल निकासी से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि जहां पानी रुक रहा है वहां आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराए जाएं। मंदिर परिसर में कई स्थानों पर हो रहे जल रिसाव को देखते हुए समुचित पाइप की व्यवस्था कर वर्षा जल का उचित एवं स्थायी निकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजापुर पर्यटन स्थल की बाउंड्रीवॉल की फेंसिंग का कार्य कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से कंसर्टिना वायर लगाए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने हॉर्टिकल्चर के संबंध में निर्देशित किया कि संबंधित एजेंसी, व्यक्ति को कार्य का हैंडओवर होने के बाद ही छह माह की अवधि की गणना की जाए। परिसर में लगाए गए छोटे पौधों के संरक्षण एवं विकास के लिए उचित हॉर्टिकल्चर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी पौधों का नियमित रखरखाव कराएं। डीएम ने परियोजना के समस्त अवशेष कार्यों को 20 सितंबर तक पूर्ण करने का समय निर्धारित किया है। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों की समयबद्धता के साथ निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत पर्यटक स्थल के बेहतर रखरखाव एवं गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से ’प्रति व्यक्ति 10 रुपए प्रवेश शुल्क’ निर्धारित किए जाने के संबंध में भी निर्देश दिए। जससे स्थल की नियमित देखरेख एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजापुर को सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं उच्च गुणवत्ता वाले पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराते हुए परियोजना की गुणवत्ता एवं स्थायित्व सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0