पंचायतों में अन्य पिछड़ा वर्ग की स्थिति का आयोग ने किया आकलन

कलेक्ट्रेट सभागार सोनेपुर में उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग’ की बैठक आयोजित की गई...

Oct 27, 2026 - 12:19
Oct 27, 2026 - 12:20
 0  1
पंचायतों में अन्य पिछड़ा वर्ग की स्थिति का आयोग ने किया आकलन

त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में ओबीसी के प्रतिनिधित्व एवं आरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर हुई चर्चा

चित्रकूट। कलेक्ट्रेट सभागार सोनेपुर में उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग’ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह ने की। 

बैठक में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद में अन्य पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति, स्थानीय निकायों में उनके प्रतिनिधित्व तथा आरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समकालीन अनुभवजन्य साक्ष्यों का संकलन कर वस्तुस्थिति का तथ्यपरक आकलन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रभारी जिलाधिकारी डीपी पाल ने आयोग के समक्ष जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने स्थानीय निकायों एवं पंचायतों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व की वर्तमान स्थिति तथा इससे संबंधित उपलब्ध तथ्यों से आयोग को अवगत कराया। साथ ही आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर विभिन्न पंचायतों एवं ग्रामीण निकायों में ओबीसी आरक्षण की वर्तमान स्थिति, निर्धारित आरक्षण प्रतिशत तथा नियमानुसार आरक्षण व्यवस्था लागू किए जाने से जुड़े विषयों पर विचार विमर्श किया गया।

आयोग ने अन्य पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों तथा उनके प्रतिनिधित्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। स्थानीय स्तर पर ओबीसी वर्ग की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से संबंधित तथ्यों एवं अनुभवों को संकलित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव सहित ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों, वार्ड सदस्यों तथा ग्राम पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों से संवाद किया गया। आयोग के सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों के विचारों, अनुभवों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके मंतव्यों को लिखित रूप में प्राप्त किया। ताकि उपलब्ध साक्ष्यों एवं स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर अन्य पिछड़ा वर्ग की स्थिति का समुचित एवं तथ्यपरक आकलन किया जा सके। बैठक में आयोग के सदस्य बृजेश कुमार, एसपी सिंह, अरविंद कुमार चौरसिया, संतोष कुमार विश्वकर्मा, ब्लाक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, मऊ  सुशीला देवी, मानिकपुर अरविंद मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह सहित खण्ड विकास अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान आदि जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0