बाराबंकी जिला अस्पताल का पर्चा वायरल, डॉक्टर की लिखावट बनी चर्चा का विषय
जिला अस्पताल बाराबंकी का एक डॉक्टर द्वारा लिखा गया पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है...
सोशल मीडिया पर उठे सवाल – दवा लिखी है या गुप्त संदेश?
मरीजों ने साफ लिखावट और स्पष्ट पर्चे की उठाई मांग
बाराबंकी। जिला अस्पताल बाराबंकी का एक डॉक्टर द्वारा लिखा गया पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। पर्चे की लिखावट इतनी अस्पष्ट बताई जा रही है कि लोग उसे पढ़ने में असमर्थ हैं। वायरल पर्चे की तारीख 9 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसके बाद इंटरनेट पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स डॉक्टर की लिखावट को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों ने इसे “डॉक्टरी लिपि” बताते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि पर्चे में दवा लिखी है या कोई गुप्त संदेश। वहीं कुछ लोगों ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि पर्चा ऐसा लग रहा है मानो किसी प्राचीन लिपि में लिखा गया हो।
मामले को लेकर लोगों ने मरीजों की परेशानी भी उठाई है। उनका कहना है कि अस्पष्ट लिखावट के कारण दवा दुकानदारों को भी पर्चा समझने में दिक्कत होती है, जिससे गलत दवा दिए जाने का खतरा बढ़ जाता है। कई लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टरों को स्पष्ट और पढ़ने योग्य लिखावट में पर्चे लिखने के निर्देश देने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री तक भी पहुंचने की बात कही जा रही है। लोगों का कहना है कि मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन दवा का नाम ही स्पष्ट न होने से परेशानी और बढ़ जाती है।
फिलहाल यह पर्चा इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि मरीजों की सुविधा के लिए डॉक्टरों को साफ-सुथरे और स्पष्ट तरीके से दवा लिखनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
