मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत अतर्रा में बृहद जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित
महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के क्रम में दिनांक 22 सितंबर 2025...

अतर्रा (बांदा)। महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के क्रम में दिनांक 22 सितंबर 2025 को थाना अतर्रा परिसर में एक बृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक बांदा श्री शिवराज ने की।
इस अवसर पर अतर्रा पीजी कॉलेज, हिन्दू इंटर कॉलेज, ब्रह्म विज्ञान इंटर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अतर्रा की छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों एवं महिला हेल्पलाइन सेवाओं (1090, 181, 112 आदि) की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से जोड़ते हुए जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के बाद कस्बा अतर्रा में छात्राओं एवं पुलिसकर्मियों की सहभागिता से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, शिक्षा, अधिकार और समाज में महिलाओं के सम्मान के प्रति आमजन को प्रेरित किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज ने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण की दिशा में चलाया जा रहा व्यापक सामाजिक आंदोलन है।” उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और अन्य बालिकाओं को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स को भी मिशन शक्ति अभियान से जोड़ने हेतु प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षित कैडेट्स जागरूकता अभियानों में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करेंगे, जिससे इस अभियान को और अधिक व्यापकता मिल सकेगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक पीयूष पाण्डेय, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?






