भाजयुमो जिलाध्यक्ष की स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, एक की मौत

उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जयपुरा निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र सिंह का परिवार वर्तमान में मुहल्ला नया पटेल नगर शीतला माता...

Oct 11, 2024 - 08:13
Oct 11, 2024 - 08:17
 0  9
भाजयुमो जिलाध्यक्ष की स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, एक की मौत

जालौन। उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जयपुरा निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र सिंह का परिवार वर्तमान में मुहल्ला नया पटेल नगर शीतला माता मंदिर के पास रहता है। वह नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी दादी बीमार थीं इसी कारण वह उन्हें देखने के लिए गुरुवार की शाम उरई अपने घर दोस्त राहुल के साथ होंडा सिटी से आ रहा था। जैसे ही उसने जालौन-उरई मार्ग पर कुकरगांव पार किया तो सीएनजी टैंक होने के कारण उसने अपनी कार उसी ओर मोड़ दी। कार में सीएनजी भरवाने के बाद जैसे ही उसने सड़क पर कार को आगे बढ़ाया तो सामने से आ रही भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष लिखी स्कार्पियो ने युवक की कार में टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि टक्कर मारने वाली स्कार्पियो के टायर तक फट गए और युवक की कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्कार्पियो वहीं छोड़ कर सवार मौके से भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कार्पियो की रफ्तार हादसे के वक्त 80 किमी प्रति घंटे से कम नहीं थी। वहीं होंडा सिटी की रफ्तार मुश्किल से तीस किमी ही रही होगी। होंडा सिटी को उस समय जितेंद्र चला रहे थे। स्कार्पियो सीधे चालक की साइड में ही टकराई थी। इसी के चलते जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई।

इसी दौरान जालौन से लौट रहे जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय व पुलिस अधीक्षक डाॅ. दुर्गेश कुमार का काफिला हादसे को देखकर रुक गया। उन्होंने तुरंत घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज भेजा, जिसमें डाक्टरों ने जितेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी राहुल गंभीर रूप से घायल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने कहा कि हादसे के बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमिय त्रिपाठी ने कहा कि वह इस समय जनपद में नहीं हैं, बाहर हैं, उनके दोस्त गाड़ी लिए थे। हादसा होने की जानकारी उन्हें मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0