एडीजी प्रयागराज जोन ने पुलिस लाइन बाँदा का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण व त्योहारों की सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा...

Feb 11, 2026 - 16:15
Feb 11, 2026 - 16:17
 0  13
एडीजी प्रयागराज जोन ने पुलिस लाइन बाँदा का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण व त्योहारों की सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर संवेदनशीलता और सदाचार का दिया संदेश

आगामी महाशिवरात्रि, होली व रमजान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

बांदा। बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. एवं पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के साथ पुलिस लाइन बांदा का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद करते हुए उन्हें संवेदनशीलता, धैर्यता एवं सदाचारपूर्ण व्यवहार अपनाने की सीख दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत पुलिस लाइन के नवीन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आगामी त्योहारों—महाशिवरात्रि, होली, रमजान, ईद-उल-फितर एवं रामनवमी—को सकुशल संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एडीजी ने गंभीर अपराधों, लंबित विवेचनाओं, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, निरंतर पैदल गश्त, प्रभावी चेकिंग एवं सोशल मीडिया की सतत निगरानी के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान अफवाह, सांप्रदायिक तनाव या असामाजिक गतिविधियों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में गुंडों, माफियाओं, हिस्ट्रीशीटरों, टॉप-टेन एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। चोरी, लूट, नकबजनी व टप्पेबाजी की रोकथाम के लिए पैदल व रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महिला संबंधी अपराधों का त्वरित निस्तारण, महिला हेल्पडेस्क, एंटी-रोमियो स्क्वाड एवं महिला बीट की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, शालीन व्यवहार एवं प्रभावी जनसुनवाई पर विशेष बल दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0