यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर AC बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई...
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस, 35 यात्री थे सवार; कई ने खिड़की तोड़कर कूदकर बचाई जान
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए गए हैं।
हादसा रात करीब 12 बजे जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चलती बस में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मी और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब चार-पांच फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद दमकलकर्मियों ने बस के अंदर जाकर तलाशी ली। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने की वजह पर जांच जारी
हादसे के बाद आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बस से पटाखे फूटने जैसी आवाजें आने की बात कही है, जिसके आधार पर बस में पटाखे ले जाए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे में घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
