UP : प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक, बांदा की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने रखी बात

कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश...

Jan 10, 2026 - 14:54
Jan 10, 2026 - 15:01
 0  17
UP : प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक, बांदा की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने रखी बात

बांदा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय के मुख्य आतिथ्य तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय अजय राय (पूर्व मंत्री) की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय कार्यालय, लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर के जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष, मनरेगा जिला कोऑर्डिनेटर, एसआईआर कोऑर्डिनेटर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान जनपद बांदा की अनेक ज्वलंत समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय नसीमुद्दीन सिद्दीकी की अगुवाई में कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मिला और जनपद की समस्याओं से अवगत कराया।

मनरेगा जिला कोऑर्डिनेटर रमेश चंद्र कोरी ने बताया कि एआईसीसी के निर्देश पर पूरे जनपद में मनरेगा से संबंधित अभियान चलाकर जनता जनार्दन को जागरूक किया जाएगा। वहीं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने जनपद में तेजी से बढ़ रहे महिला उत्पीड़न के मामलों को उठाते हुए ठोस कार्रवाई की मांग रखी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने बांदा के ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को बचाने के लिए कांग्रेस द्वारा समय-समय पर किए गए ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन सहित अन्य आंदोलनों की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष को दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आगामी दिनों में पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन राइफल क्लब मैदान को बचाने के लिए धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे और कांग्रेस हर हाल में इस खेल मैदान को बचाने का काम करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि समाचार पत्रों के माध्यम से 20 जनवरी तक अस्थाई रोक की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन को नीलामी रोकने संबंधी कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस आगामी ग्राम पंचायत चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरेगी। ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे प्रत्याशियों का चयन किया जाए, जो कांग्रेस की नीतियों में आस्था रखते हों और उनसे प्रभावित हों, ताकि पूरे प्रदेश में पंचायत चुनाव में कांग्रेस अपना परचम लहरा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उनसे कभी भी मिल सकता है, उनके दरवाजे सदैव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए खुले हैं।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल के साथ पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री/पीसीसी सदस्य साकेत बिहारी मिश्रा एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी/पीसीसी सदस्य भगवान दीन गर्ग भी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0