पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना हुआ आसान, सूचना विभाग जल्द शुरू करेगा नया ऑनलाइन पोर्टल
उत्तर प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने का निर्णय लिया है...
सूचना निदेशक विशाल सिंह की पहल, लंबित आवेदनों के निस्तारण और नए आवेदन की प्रक्रिया होगी सरल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने का निर्णय लिया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि पत्रकारों की सुविधा के लिए शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति (स्टेटस) देख सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो वे संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन के बावजूद उनका कार्ड जारी नहीं हो सका है, उनके लिए जल्द ही विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। पोर्टल शुरू होने के बाद पत्रकार अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल प्रारंभ होने की सूचना सभी जिला सूचना कार्यालयों के माध्यम से तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा उनकी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
