कानपुर : पीएसआईटी कॉलेज में छात्र की मौत पर बवाल

प्राणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (PSIT) में बीसीए छात्र की मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित छात्रों के प्रदर्शन के बीच...

Feb 26, 2026 - 19:35
Feb 26, 2026 - 19:37
 0  23
कानपुर : पीएसआईटी कॉलेज में छात्र की मौत पर बवाल
फ़ाइल फोटो

आक्रोशित छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज, मुआवजे और जांच की मांग पर धरना

कॉलेज प्रबंधन ने फीस वापसी व मुआवजे की घोषणा की

सचेंडी (कानपुर)। प्राणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (PSIT) में बीसीए छात्र की मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित छात्रों के प्रदर्शन के बीच पुलिस ने हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। छात्र अपने साथी की मौत के मामले में मुआवजे व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए।

निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार कॉलेज परिसर के पिछले हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार शाम धूल का गुबार उठने के कारण बाइक सवार बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र प्रखर (21) को आगे खड़ा बैक हो रहा लोडर दिखाई नहीं दिया और वह उससे टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी किडनी, फेफड़े और पैंक्रियाज गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

उसे तत्काल रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्रखर रतनलाल नगर निवासी खाद कारोबारी प्रभाकर सिंह का पुत्र था।

तीसरे दिन फूटा छात्रों का गुस्सा

घटना के तीसरे दिन बड़ी संख्या में छात्र और परिजन कॉलेज पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ भी की। उनका आरोप था कि छात्र की मौत के बाद भी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किए गए, लेकिन शोक सभा तक नहीं की गई, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं।

पुलिस-छात्रों में टकराव

सूचना पर सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर डीसीपी पश्चिम सहित वरिष्ठ अधिकारी और पीएसी भी तैनात रही।

हंगामे के बाद छात्र पुनः एकत्र होकर एडमिन ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।

कॉलेज प्रबंधन की घोषणा

कॉलेज निदेशक प्रो. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र की पूरी फीस वापस की जाएगी और परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही:

  • सुरक्षा जमा (सिक्योरिटी डिपॉजिट) फिलहाल माफ रहेगा।
  • 75 प्रतिशत उपस्थिति नियम में परीक्षाओं के दौरान नरमी बरती जाएगी।
  • निर्माण कार्य कॉलेज के आवागमन समय में नहीं होगा।
  • दोषी सुरक्षा कर्मियों/स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • छात्रों के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता उपलब्ध रहेंगे।
  • आज की घटना को लेकर किसी छात्र पर अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
  • प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले ने शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0