मिशन जलोदय के तहत चन्द्रावल नदी पुनरोद्धार का शुभारम्भ, एक जनपद–एक नदी के संकल्प को मिली गति

जलोदय जल अभियान के अंतर्गत तहसील मौदहा की ग्राम पंचायत पढोरी में बुधवार को चन्द्रावल नदी के पुनरोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर विधिवत शुभारम्भ...

Dec 17, 2025 - 18:17
Dec 17, 2025 - 18:18
 0  16
मिशन जलोदय के तहत चन्द्रावल नदी पुनरोद्धार का शुभारम्भ, एक जनपद–एक नदी के संकल्प को मिली गति

हमीरपुर। जलोदय जल अभियान के अंतर्गत तहसील मौदहा की ग्राम पंचायत पढोरी में बुधवार को चन्द्रावल नदी के पुनरोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर विधिवत शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (जलशक्ति विभाग) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने जनपद के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने मिशन जलोदय की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के आवाहन पर ओडीओपी की तर्ज पर एक जनपद–एक नदी के पुनरोद्धार का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि मिशन जलोदय की शुरुआत आज से एक वर्ष पूर्व हुई थी, जिसके तहत तालाबों, अमृत सरोवरों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण का व्यापक अभियान चलाया गया।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि बीते एक वर्ष में जनपद में 5000 से अधिक खेत तालाबों का निर्माण किया गया, जिससे खेतों का जलस्तर बढ़ा है। नवीन भू-वैज्ञानिक आंकड़ों के अनुसार जनपद के चार विकास खण्ड क्रिटिकल श्रेणी से बाहर आ चुके हैं। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप कई फसलों के उत्पादन में 1100 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि जनपद की जीवनदायिनी चन्द्रावल नदी का पुनरोद्धार अत्यंत हर्ष का विषय है। यह ऐतिहासिक नदी हमीरपुर जनपद में लगभग 68 किलोमीटर की यात्रा करती है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि जनपद की ऐतिहासिक एवं पौराणिक नदियों को पुनर्जीवित किया जाए। यह अभियान जनभागीदारी से सफल होगा। उन्होंने कहा कि नदियों और तालाबों का पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्व सदियों से रहा है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में नदियों व तालाबों के किनारे अनेक ऐतिहासिक स्थल हैं, जिन्हें पर्यटन से जोड़े जाने की आवश्यकता है। कभी आस्था का केन्द्र रही चन्द्रावल नदी आज विलुप्ति के कगार पर है, इसलिए इसका पुनरोद्धार समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जयन्ती राजपूत, विधायक सदर डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुन्तला निषाद, मुख्य विकास अधिकारी अरूण कुमार सिंह, डीसी मनरेगा राघवेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्यमी, खनन पट्टाधारक, ग्राम प्रधान, पत्रकार बंधु, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : अखिलेश सिंह गौर, हमीरपुर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0