बांदा में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के द्वितीय दिवस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन...
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बांदा। पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के द्वितीय दिवस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तिंदवारा इंटरमीडिएट कॉलेज एवं खानकाह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों एवं परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि शासन एवं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार करने तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने देने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
