उत्तर प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी, तापमान में उतार–चढ़ाव से बढ़ी ठिठुरन
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव लगातार गहराता जा रहा है। पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिले इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं...
बांदा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव लगातार गहराता जा रहा है। पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिले इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। देर रात मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक ठंड का यही दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार 9, 10 और 11 दिसंबर को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क बना रह सकता है। इस दौरान सुबह के समय छिछले से लेकर मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। 12 और 13 दिसंबर को भी कोहरे का असर बना रहेगा और मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
इस बीच तापमान में लगातार उतार–चढ़ाव जारी है। अयोध्या में सबसे कम 5.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। इटावा में 6.6℃ तापमान रहा, जबकि लखनऊ में न्यूनतम 10.7℃ और अधिकतम 24.9℃ रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 2–3 दिनों में विक्षोभ आगे बढ़ जाएंगे, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। अधिकतम तापमान में भी हल्की कमी दर्ज की जा सकती है। सुबह ज्यादातर स्थानों पर हल्का कोहरा और धुंध छाई रहेगी। हवाएं पछुआ दिशा से चलने के कारण रात की ठंड और तेज महसूस हो सकती है।
ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्म कपड़ों का उपयोग, ठंडी हवाओं से बचाव, सुबह के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलना और पौष्टिक आहार लेना बेहद जरूरी है।
फिलहाल दिन का तापमान जहां स्थिर दिखाई दे रहा है, वहीं रात और सुबह की ठिठुरन लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। तापमान में चल रहे उतार–चढ़ाव ने दिसंबर में ही जनवरी जैसी कड़ाके की ठंड का अहसास करा दिया है।
Courtesy: NBT
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
