ट्रस्टी डा. बीके जैन के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

53 वर्ष तक सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट में परिवार समेत समर्पण करने वाले पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. बीके जैन...

Feb 28, 2026 - 11:23
Feb 28, 2026 - 11:23
 0  94
ट्रस्टी डा. बीके जैन के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

53 वर्ष तक सदगुरु नेत्र चिकित्सालय में दी सेवाएं

आज होगा अंतिम संस्कार

चित्रकूट। 53 वर्ष तक सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट में परिवार समेत समर्पण करने वाले पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. बीके जैन का शुक्रवार शाम चित्रकूट में निधन हो गया। उन्होंने जानकीकुंड चिकित्सालय में शाम 4ः24 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट परिवार ने की है। डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के अध्यक्ष भी थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

डॉ. जैन पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज मुंबई में जारी था। स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण उन्हें चित्रकूट लाया गया था। वेंटिलेटर से हटाए जाने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही चित्रकूट सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। डॉ. बीके जैन ने अपना पूरा जीवन गरीबों, संत समाज और नेत्र रोगियों की सेवा को समर्पित किया। उनके नेतृत्व में सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के माध्यम से करोड़ों लोगों की आंखों का इलाज किया गया। दूर-दराज के गांवों से आने वाले जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क या बेहद कम खर्च में उपचार उपलब्ध कराना उनकी सेवा भावना का प्रमुख उद्देश्य था। डॉ. जैन, स्वामी रणछोड़ दास महाराज के कृपा पात्र थे। स्वामी जी के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर उन्होंने चित्रकूट को सेवा और चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से यहां नेत्र चिकित्सा और सामाजिक सेवा की कई बड़ी योजनाएं शुरू हुईं, जिनसे लाखों लोगों को नई रोशनी मिली। डा बुधेन्द्र कुमार जैन महाराष्ट्र प्रांत में पांच दिसम्बर 1948 को जन्मे थे। 78 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। 1970 में चित्रकूट में आए और संत रणछोड़दास महाराज के सानिध्य में आकर नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में समर्पित हो गए।

उनकी सादगी, सेवा भावना और समर्पण के कारण संत समाज, सामाजिक संगठनों और आम लोगों के बीच उनका विशेष सम्मान था। भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी अलंकृत किया था। सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने बताया कि डॉ. जैन का जीवन समाज के लिए प्रेरणा है और उनका कार्य सदियों तक याद किया जाएगा। निधन की खबर सुन महंत दिव्यजीवन दास, संत मदन गोपाल दास, आचार्य नवलेश दीक्षित, सीताशरण महाराज, रामहृदय दास, तुलसी पीठ के आचार्य रामचन्द्र दास, सांसद कृष्णा देवी पटेल, सांसद गणेश सिंह, सतना डीएम सतीश एस, एसपी हंसराज सिंह, समाजसेवी संजय पहरिया, डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, आरके सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, बुन्देली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह आदि ने शोक संवेदना व्यक्त किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0