पुलिस भर्ती परीक्षा : केंद्रों में चाकचौबंद पाई गई व्यवस्थाएं
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी...
डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को डीएम पुलकित गर्ग एवं एसपी अरुण कुमार सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया।
संयुक्त दल ने जनपद में संचालित छह केंद्रों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी तथा श्री गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों मुख्य केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति मे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मे कुल पंजीकृत 240 अभ्यर्थियों में से 190 उपस्थित तथा 50 अनुपस्थित पाए गए। श्री गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज मे कुल पंजीकृत 480 अभ्यर्थियों में से 360 उपस्थित तथा 120 अनुपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि वर्तमान ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत सभी केंद्रों पर स्वच्छ एवं ढके हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। संबद्ध सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संपूर्ण परीक्षा अवधि में पूर्णतः नकल विहीन वातावरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और ड्यूटी पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार का अनावश्यक प्रवेश वर्जित रहेगा। सभी सुरक्षाकर्मी अत्यंत सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन सुनिश्चित करें। इस दौरान जनपद के सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद पाई गई और परीक्षा शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुचारू ढंग से संचालित होती मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
