जिले में पहली बार पूरी हुई विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया

किशोर न्याय अधिनियम एवं दत्तक ग्रहण विनियम के तहत चित्रकूट की विशेषीकृत राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई को पहली सफलता मिली है...

Jul 18, 2026 - 11:33
Jul 18, 2026 - 11:34
 0  11
जिले में पहली बार पूरी हुई विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया

डीएम के आदेश पर निराश्रित बच्ची को मिला नया परिवार

चार वर्ष पूर्व दम्पति ने कराया था पंजीकरण

चित्रकूट। किशोर न्याय अधिनियम एवं दत्तक ग्रहण विनियम के तहत चित्रकूट की विशेषीकृत राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई को पहली सफलता मिली है। वर्ष 2022 से पंजीकरण कराकर इंतजार कर रहे दंपत्ति को दस्तावेजों के सत्यापन और आवश्यक पूछताछ के बाद जिलाधिकारी ने बच्ची को सौपा।

जनपद में बाल संरक्षण और निराश्रित बच्चों के पुनर्वासन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। किशोर न्याय बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम एवं दत्तक ग्रहण विनियम के अंतर्गत जनपद में गठित विशेषीकृत राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई के माध्यम से पहली बार किसी बच्ची को कानूनी रूप से गोद दिए जाने की विधिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। डीएम पुलकित गर्ग के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया। डीएम ने कलेक्ट्रेट में आए भावी दत्तक माता-पिता से आवश्यक पूछताछ कर सभी विधिक दस्तावेजों का गहन सत्यापन करने के बाद एक आधिकारिक आदेश के तहत बच्ची को उन्हें सौंप दिया। यह बच्ची लगभग पांच-छह महीने पूर्व जनपद में अज्ञात अवस्था में मिली थी। जिसे राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई ने अपने संरक्षण में लेकर उचित देखरेख की थी। इसके उपरांत, भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के आधिकारिक कारिंग्स पोर्टल पर बच्ची को नियमानुसार दत्तक ग्रहण के लिए उपलब्ध कराया गया। पोर्टल के माध्यम से देश के एक ऐसे योग्य दंपत्ति ने इस बच्ची का चयन किया जिन्होंने वर्ष 2022 में ऑनलाइन आवेदन किया था और पिछले 4 वर्षों से विधिक प्रक्रिया के तहत अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान विशेषीकृत राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई के अधीक्षक कमलेश रैक्वार एवं कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशांत उपस्थित रहे और प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0