लेखपालो के हस्तलिखित नाम संशाोधन अमान्य
शासन की मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए तहसील सभागार मऊ में डीएम पुलकित गर्ग की...
फार्मर रजिस्ट्री, नाम संशोधन की धीमी प्रक्रिया पर जताई नाराजगी
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी समस्याएं
चित्रकूट। शासन की मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए तहसील सभागार मऊ में डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं एसपी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चकरोड, नाली निर्माण, अवैध अतिक्रमण और राजस्व से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं।
डीएम ने निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें। फरियादियों को बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाना पड़े। जनपद में फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति और नाम संशोधन में लेखपालों द्वारा की जा रही प्रक्रियात्मक त्रुटियों पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम संशोधन की प्रक्रिया ऑनलाइन है। लेखपालों द्वारा हस्तलिखित संशोधन अमान्य हैं। उन्होंने अंश निर्धारण संबंधी प्रकरणों को तहसील स्तर पर ही सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा के तहत बनने वाली सड़कों का संयुक्त निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित करें। फसल कटाई के तत्काल बाद कार्य प्रारंभ करने तथा कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आय प्रमाण पत्र के संबंध मे कहा कि संदिग्ध प्रमाण पत्रों पर रोक लगाते हुए केवल पात्र व्यक्तियों के ही प्रमाण पत्र नियमानुसार बनाए जाएं। अपात्रों के पक्ष में कार्य करने वाले संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के श्स्पेशल क्लोजश् की बढ़ती प्रवृत्ति एवं नेगेटिव फीडबैक पर चिंता जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर जाकर फोटो, हस्ताक्षर और दो गवाहों के बयान दर्ज किए जाएं। ताकि निस्तारण की विश्वसनीयता बनी रहे।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला संबंधी प्रकरणों को शासन की प्राथमिकता के अनुरूप सर्वोच्च वरीयता देते हुए तत्काल निस्तारित किया जाए। समाधान दिवस के दौरान कुल प्राप्त एवं निस्तारित प्रार्थना पत्रों मे तहसील मऊ में 93 में से आठ, कर्वी में सैंतीस में चार, मानिकपुर में बाईस में एक का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम मऊ आरआर रमन, एसडीएम न्यायिक पूजा गुप्ता, परियोजना निदेशक सतपाल यादव, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मनोहर लाल वर्द्धन सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
