किसानों ने खाद एवं अन्ना प्रथा की समस्याओं की दी जानकारी
मासिक किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें किसानों ने खाद एवं...

चित्रकूट। मासिक किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें किसानों ने खाद एवं अन्ना प्रथा की समस्याओं की जानकारी देते हुए निराकरण कराने की मांग की।
कलेक्टरेट सभागार में हुई बैठक में भाकियू के जिला महामंत्री अरुण कुमार पाण्डेय ने बताया कि धान की फसल रोपाई होने के बाद भी जिले में किसानों के लिए खाद की किल्लत बनी हुई है। किसानों के ऊपर नैनो यूरिया लेने का दबाव बनाया जा रहा है। सदर तहसील अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित मण्डी में दुकान आवंटित होने के बावजूद किसानों के लिए बने छायादार नीलामी चबूतरों में अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे सब्जी उत्पादक किसान रास्ते व जमीन में बैठने को मजबूर होता है। राजापुर तहसील अध्यक्ष राजकिशोर पटेल ने कहा कि अन्ना मवेशियों को 30 जुलाई तक हर हाल में गौशालाओं में संरक्षित करा दिया जाए, ऐसा न करने पर किसान आंदोलन करने को मजबूर होगा। पहाड़ी ब्लाक अध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि प्रसिद्धपुर से सिकरिया सम्पर्क मार्ग का निर्माण कराया जाना चाहिए। कर्वी ब्लाक अध्यक्ष नरेश सिंह ने बताया कि खोह स्थित साधन सहकारी समिति के ऊपर बनी पुलिस चौकी की पानी टंकी से गोदाम की दीवारों में सीलन आ जाती है और खाद खराब हो रही है। इस समस्या का निस्तारण किया जाना चाहिए। इसके अलावा किसानों ने ग्राम पंचायत सगवारा के मजरा पाण्डेय पुरवा में स्थित आश्रम में पेयजल समस्या का निराकरण कराए जाने की मांग की है।
इस मौके पर मंडल सचिव छेदीलाल सिंह, मऊ प्रभारी नीलकण्ठ द्विवेदी, रामेश्वर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नरेश तिवारी, श्रीकेशन राजपूत, कमलेश, शिव सिह आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?






