महाशिवरात्रि को लेकर कुरारा थाने में पीस कमेटी की बैठक
आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद हमीरपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना कुरारा परिसर...
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन हेतु प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश, अफवाहों से दूर रहने की अपील
हमीरपुर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद हमीरपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना कुरारा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी हमीरपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक जनपद हमीरपुर द्वारा की गई।
बैठक में महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने जुलूस एवं शोभायात्रा मार्ग, प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सुविधा तथा समुचित सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने तथा सतत गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील की गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने का आग्रह किया गया।
अधिकारियों ने जनसहभागिता पर विशेष बल देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, थाना प्रभारी कुरारा, धर्मगुरु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : अखिलेश सिंह गौर, (कुरारा) हमीरपुर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
