समाजसेवियों के मिलन सम्मेलन में अंधत्व निवारण मिशन को दोगुना गति देने का संकल्प
श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की ओर से रविवार को विद्याधाम सभागार में अंधत्व निवारण के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाले समाजसेवियों का विशाल मिलन सम्मेलन आयोजित...
चित्रकूट। श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की ओर से रविवार को विद्याधाम सभागार में अंधत्व निवारण के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाले समाजसेवियों का विशाल मिलन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे हजारों समाजसेवियों ने भाग लिया और स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन के सेवा मिशन को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के डायरेक्टर डॉ. ईलेश जैन, श्रीमती ऊषा जैन एवं अन्य अतिथियों ने सद्गुरु रणछोड़ दास जी महाराज के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मानव सेवा के पर्याय रहे दिवंगत डॉ. बी.के. जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उपस्थित समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बी.के. जैन ने अंधत्व निवारण और मानव सेवा के क्षेत्र में जो कार्य शुरू किए, उन्हें आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपस्थित समाजसेवियों ने संकल्प लिया कि मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के उपचार और मरीजों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के वर्तमान लक्ष्य को दोगुना करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर ट्रस्ट के डायरेक्टर डॉ. ईलेश जैन ने सम्मेलन में आए सभी समाजसेवियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन को जिस प्रकार समाजसेवियों का सहयोग और आशीर्वाद मिला, उसी तरह वह भी सभी के सहयोग से इस सेवा अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि सद्गुरु की प्रेरणा से मैं जानकीकुंड नेत्र चिकित्सालय की सभी गतिविधियों को और अधिक गति देने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करूंगा। आप सभी का सहयोग और आशीर्वाद निरंतर मिलता रहे, यही मेरी अपेक्षा है।
डॉ. ईलेश जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों तक उपचार पहुंचाने वाले समाजसेवियों को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद और गांव-गांव तक नेत्र चिकित्सा शिविर पहुंचाने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद उपचार से वंचित न रहे।
सम्मेलन में औरैया, इटावा, कानपुर, बुलंदशहर, शाहजहांपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में अंधत्व निवारण के क्षेत्र में योगदान करने वाले चित्रकूट जनपद से कमलेश मिश्रा, डॉक्टर प्रभाकर सिंह, सभासद एवं पत्रकार शंकर यादव, जग पालक, श्याम सुंदर, जागेश्वर प्रसाद राजपूत, कल्पना राजपूत, संजुला पांडेय, ओंकार सिंह चंदेल आदि के अलावा विभिन्न जनपदों के लगभग 500 लोगों को डॉक्टर इलेश जैन द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विजय सिंह ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
