शासन को भेजे रिवर फ्रंट का इस्टीमेट : मंत्री
श्रम एवं सेवायोजन विभाग राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मन्नू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्डश् के माध्यम...
प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा
लापरवाह विभागो को चेताया, एक्स-रे टेक्नीशियन को बांटे प्रमाण पत्र
चित्रकूट। श्रम एवं सेवायोजन विभाग राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मन्नू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्डश् के माध्यम से समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को सरकारी गाइड लाइन के अनुरूप तत्काल बदला जाए और रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष के सुझाव पर उन्होंने सरकारी दफ्तरों और आवासों पर स्मार्ट मीटर लगाने की बात कही। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देशित किया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों के बीच में खुदाई न करके किनारे से खुदाई की जाए। ताकि आवागमन बाधित न हो। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से संबंधित आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता (ग्रामीण अभियंत्रण) की अनुपस्थिति पर मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि समीक्षा बैठकों में विभागाध्यक्ष स्वयं उपस्थित हों। लापरवाही बरतने वाले विभागों के विरुद्ध मुख्यमंत्री स्तर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रिवर फ्रंट का इस्टीमेट तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। रसिन बांध के क्षेत्र के अवशेष लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर समिति गठित करने को कहा गया। सहायक श्रमायुक्त को पात्र लाभार्थियों को बिना विलंब सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए निर्देशित किया गया। मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार ने मनरेगा कार्य दिवसों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर है।
पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया कि जनपद में जघन्य अपराधों में कमी आई है। गृह भेदन जैसी समस्याओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सीएम डैशबोर्ड पर अपनी रैंकिंग में सुधार करें और ए ग्रेड बनाए रखें। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने चिकित्सालय के एक्स-रे विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त तीन एक्स-रे टेक्नीशियन को प्रमाण पत्र वितरित किए। डीएम पुलकित गर्ग ने मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्राप्त दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को एक जनपद एक उत्पाद के स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
