शिक्षक संकुलों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक, नवाचारों पर हुई चर्चा
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् के निर्देशों के अनुपालन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर में सदर ब्लाक एवं नगर...
चित्रकूट। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् के निर्देशों के अनुपालन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर में सदर ब्लाक एवं नगर क्षेत्र के शिक्षक संकुलों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम प्रभारी डायट प्रवक्ता सौरभ चंद्र सविता तथा कार्यक्रम सहप्रभारी डायट प्रवक्ता अखिलेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में बैठक सारगर्भित, बिन्दुवार एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हुई।
बैठक में निर्धारित एजेण्डे के अनुसार विगत तिमाही में आयोजित शिक्षक संकुल बैठकों, तैयारी बैठकों तथा शिक्षकों की सहभागिता की समीक्षा की गई। विभिन्न संकुलों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रभावी शिक्षण गतिविधियों, नवाचारों और व्यावहारिक चुनौतियों को साझा किया। इस अवसर पर कहा गया कि शिक्षक संकुल विद्यालय स्तर पर शैक्षिक बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति, शिक्षकों के बीच परस्पर अधिगम (पियर लर्निंग) तथा शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में संकुल बैठकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समीक्षा के दौरान ’प्रत्येक संकुल बैठक का आयोजन क्रमशः अलग-अलग विद्यालयों में करने तथा रोटेशन के आधार पर शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने’ पर विशेष जोर दिया गया। इससे विभिन्न विद्यालयों की शिक्षण पद्धतियों, उपलब्ध संसाधनों और सफल प्रयासों से सीखने के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही ’प्रत्येक बैठक से पूर्व संबंधित संकुल के सभी शिक्षक संकुलों के मध्य तैयारी बैठक आयोजित कर एजेण्डा, दायित्वों एवं प्रस्तुतियों का समन्वय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।’ बैठकों को अधिक उपयोगी और समयबद्ध बनाने के लिए बेहतर आपसी समन्वय के साथ सीमित संख्या में चयनित, उपयोगी एवं कक्षा में अपनाए जा सकने वाले नवाचारों का प्रदर्शन करने पर चर्चा हुई। साझा किए गए नवाचारों का कक्षाओं में प्रयोग करने तथा विद्यार्थियों के सीखने पर उनके प्रभाव की समीक्षा करने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
शिक्षण अधिगम एवं संकुल बैठकों के संचालन में आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए आवश्यक अकादमिक सहयोग और रणनीति पर विचार किया गया। अंत में आगामी संकुल बैठक एवं तिमाही के लिए प्रस्तावित गतिविधियों, समयसीमा और अपेक्षित परिणामों सहित कार्ययोजना तैयार की गई। प्रतिभागियों ने अपने क्षेत्रों में अकादमिक सहयोग मजबूत बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
