स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस ने निकाली तिरंगा बाइक रैली
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करने के...
चित्रकूट। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से थाना कोतवाली कर्वी से भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया।
तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने अपर एसपी पीयूषकांत राय की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर किया। रैली कोतवाली कर्वी से प्रारम्भ होकर रेलवे स्टेशन, शम्भू पेट्रोल पम्प, पटेल तिराहा, धनुष चौराहा, बस स्टैण्ड, काली देवी चौराहा, पुरानी कोतवाली से भैरोपागा रोड होते हुये चकरेही चौराहा, ओवर ब्रिज, धनुष चौराहा पर पहुंचकर समाप्त हुयी। रैली में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाएं तथा राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें। बाइक तिरंगा रैली के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सतेन्द्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामाशीष यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी दुर्गविजय सिंह, चौकी सीतापुर प्रभारी यदुवीर सिंह आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
