बाल वाटिका के बच्चों की कल्पना शक्ति को दी गई उड़ान

जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आओ सुने और सुनाएं कहानी कार्यक्रम का आयोजन किया गया...

Sep 10, 2026 - 10:26
Sep 10, 2026 - 10:28
 0  2
बाल वाटिका के बच्चों की कल्पना शक्ति को दी गई उड़ान

डायट में हुआ आओ सुने और सुनाएं कहानी कार्यक्रम 

चित्रकूट। जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आओ सुने और सुनाएं कहानी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ डायट के प्राचार्य बीके शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाल वाटिका के बच्चों में पढ़ने की खुशी का उत्सव मनाना और उनकी कल्पना शक्ति को उड़ान देना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत आंगनवाड़ी केंद्र शिवरामपुर से आई आंगनवाड़ी कार्यकत्री, सहायिकाओं और 17 नन्हें मुन्ने बच्चों की डायट परिसर में उपस्थिति के साथ हुई। डायट प्राचार्य ने बाल वाटिका को बच्चों की बुनियादी शिक्षा और उनके उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव बताया तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में इसकी अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आओ सुने और सुनाएं कहानी जैसी गतिविधियां बच्चों में पठन पाठन के प्रति रुचि जागृत करने का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं। जिससे न केवल बच्चों की कल्पनाशक्ति और सृजनात्मकता को उड़ान मिलती है बल्कि उनका भाषाई विकास भी सुदृढ़ होता है। उन्होंने शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रेरित किया कि वे बच्चों को भयमुक्त, आनंददायी और गतिविधि आधारित शैक्षणिक वातावरण प्रदान करें। कार्यक्रम की मुख्य गतिविधि के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकत्री सीता देवी ने बच्चों को एक अत्यंत मनोरंजक एवं आकर्षक कहानी सुनाई। बच्चों को अपने चित्रों के बारे में खुलकर अपनी बात बताने के अवसर दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0