बराछ गांव में कच्चा घर गिरने से पिता, पुत्र, पुत्री की मौत, मां-बेटी घायल
कोतवाली कर्वी क्षेत्र के बराछ गांव में बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि पहाड़ के पास बसी बस्ती के एक कमरे में बुधवार की देर रात सो रहे माता पिता और...
रात्रि में सोते समय हुए हृदयविदारक घटना से दहला क्षेत्र
मंडलायुक्त, डीआईजी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनो को बंधाया ढ़ाढ़स
मुख्यमंत्री ने घटना पर व्यक्त की संवेदना, आर्थिक मदद की घोषणा
चित्रकूट। कोतवाली कर्वी क्षेत्र के बराछ गांव में बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि पहाड़ के पास बसी बस्ती के एक कमरे में बुधवार की देर रात सो रहे माता पिता और उनके तीन मासूम बच्चों पर भरभरा कर कच्चे घर की दीवार व छत गिरी। इसमें पिता व उसके एक पुत्र, एक पुत्री की मौत हो गई। महिला व एक बालिका घायल हुईं। मंजर ऐसा था कि इसे देख सभी कांप गए। गांव के पास उफनाए नाले के कारण एंबुलेंस और पुलिस की टीम घटना स्थल तक तीन घंटे बाद पहुंच सकी। एनडीआरएफ की मदद से सभी को टूटे ढहे घर से लाकर एंबुलेंस में लिटाया और अस्पताल पहुंचाया। दोनों की चारपाई मिट्टी में आधी से ज्यादा धंस गई। शवों को मलबे से एक घंटे में निकाला गया। मुख्यमंत्री ने घटना को संज्ञान लेकर शोक जताया और शोकाकुल परिवार को आर्थिक मदद का एलान किया। मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम व एसपी समेत प्रशासनिक अमला घटना स्थल से लेकर अस्पताल तक पहुंचकर जानकारी ली।
सभापुर बराछ गांव निवासी बब्बू यादव ने बताया कि वह सब पहाड़ किनारे 30 साल से ज्यादा समय से रहते हैं। लगातार 20 दिनों से बारिश से पहाड़ का पानी बस्ती में बनी नालियों से होकर गुजरता है। बुधवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे उसके पुत्र कल्लू (32) की पत्नी कुंता देवी (28) बदहवास चीखती चिल्लाती दौड़ती उसके घर पहुंची और बताया कि घर धंस गया और सभी दब गए हैं। आसपास के लोगों के साथ सभी मौके पर पहुंचे तो देखा की दोनों चारपाई कमरे में धंसी थी और तीन हिस्से की दीवार और छत का मलबा उसके ऊपर पड़ा था। सभी को किसी तरह बाहर निकाला तो कल्लू के साथ उसके सात वर्षीय पुत्र अंश, चार वर्ष की पुत्री गुडिया उर्फ कल्ली और तीन वर्षीय अंशिका को बाहर निकाल पुलिस सूचना दी। इधर सूचना पर एसडीएम अजय कुमार, यूपी 112, कोतवाली, भरतकूप और एंबुलेंस की टीम पहुंच तो गईं लेकिन गांव से लगभग डेढ़ किमी पहले बरुआ बांध के नाले के उफनाने से रास्ता बंद था। इसके बाद एनडीआरएफ को बुलाया गया। टीम ने किसी तरह पानी में होते हुए घटनास्थल पहुंची और सभी को लाकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डाक्टरों ने कल्लू, अंश और गुडिया को मृत घोषित कर दिया। कुंता और अंशिका का इलाज कराया गया।
हृदयविदारक घटना की जानकारी होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिजन को मृतकों के नाम पर चार-चार लाख रुपये और घायलों को डेढ़-डेढ़ लाख की मदद करने के लिए कहा। पक्का मकान, विधवा पेंशन और बालिका को ढाई हजार रुपये पढाई के लिए देने की घोषणा की। मंडलायुक्त अजीत कुमार, डीआईजी राजेश एस, डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह ने घटना स्थल का जायजा लिया। मर्चरी हाउस पहुंचे सदर विधायक अनिल प्रधान ने लाइट न होने पर जनरेटर चालू करने के लिए कहा, लेकिन जनरेटर खराब होने पर आयुक्त को अवगत कराया। इस पर आयुक्त ने सीएमओं को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विधायक ने मृतक के परिजनों से मिलकर ढाढ़स बंधाया। इसके अलावा चेयरमैन नरेन्द्र गुप्ता, विद्यासागर यादव, अनुज यादव, आनंद यादव ने पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
