कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के पर्यटन विकास कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण

डीएम पुलकित गर्ग ने कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कराए जा रहे सांस्कृतिक, शहरी कायाकल्प एवं अवस्थापना संबंधी पर्यटन विकास कार्यों

Jun 8, 2026 - 10:48
Jun 8, 2026 - 10:48
 0  4
कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के पर्यटन विकास कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता एवं प्रगति में तेजी लाने के दिए निर्देश

लापरवाही पर ठेकेदार के खिलाफ लगाया पेनाल्टी 

प्रतिदिन 200 मीटर कार्य करने के साथ ही व्हाट्स एप गु्रप पर रिपोर्ट भेजने के दिए निर्देश

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कराए जा रहे सांस्कृतिक, शहरी कायाकल्प एवं अवस्थापना संबंधी पर्यटन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

परियोजना का निर्माण कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड इकाई-13, बांदा द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 2044.34 लाख है। कार्य प्रारम्भ करने की तिथि अगस्त 2025 तथा कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि जुलाई 2027 है। परियोजना के अंतर्गत कामदगिरि परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण, फेंसिंग कार्य, साइनेज स्थापना, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम एवं विद्युत कनेक्शन सहित विभिन्न अवस्थापना विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग में लगाए जा रहे पत्थरों की गुणवत्ता की जांच हेतु स्वयं पत्थरों को उखड़वाकर उनके बेस का निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप किए जाएं। साथ ही कार्यदायी संस्था को पूरे परिक्रमा मार्ग की पुनः डिमार्केशन करने तथा कार्य क्षेत्र को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों के दौरान कुछ स्थानों पर पत्थर क्षतिग्रस्त एवं टूटे हुए मिले। उन्होंने ऐसे सभी पत्थरों को तत्काल हटाकर उनके स्थान पर नए एवं मानक अनुरूप पत्थर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दो माह के भीतर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन लगभग 200 मीटर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। प्रगति की सतत निगरानी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रतिदिन कार्य की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट, फोटोग्राफ एवं स्थल की स्थिति साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर प्रस्तावित फेंसिंग कार्य को भी शीघ्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न किया जाए।

कार्य में शिथिलता एवं अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए परियोजना की प्रगति में तेजी लाई जाए तथा नियमित अनुश्रवण किया जाए। डीएम ने कहा कि कामदगिरि परिक्रमा मार्ग जनपद चित्रकूट का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। यहां संचालित विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिक्रमा मार्ग में अतिक्रमण कर लगाए गए दुकानों के विरुद्ध अधिशासी अधिकारी कर्वी को निर्देशित किया कि रामनरेश, वेद प्रकाश गर्ग राजबहादुर के विरुद्ध सौ-सौ रुपया का जुर्माना लगाएं। यह भी कहा कि जो सेल्फी प्वाइंट है वहां पर वेडिंग जोन बनाकर दुकानें व्यवस्थित आवंटित किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा, यूपी पीसीएल जेई करमचन्द्र यादव, अधिशासी अधिकारी लाल जी यादव उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0