रामघाट एवं बूड़े हनुमान घाट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
डीएम पुलकित गर्ग, एसपी अरुण कुमार सिंह व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने भाद्रपद अमावस्या मेले की तैयारियों तथा रामघाट से बूड़े हनुमान घाट...
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग, एसपी अरुण कुमार सिंह व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने भाद्रपद अमावस्या मेले की तैयारियों तथा रामघाट से बूड़े हनुमान घाट तक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि मार्ग में स्थित ट्रांसफार्मरों को जरूर के अनुसार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए तथा बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त होकर गिरे विद्युत पोलों को तत्काल हटवाया जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्वी को निर्देश दिए कि नालों के ऊपर किसी भी प्रकार का अवैध अथवा नया निर्माण न होने दिया जाए। रामघाट के किनारे बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के स्थान पर भी किसी प्रकार का निर्माण कार्य न कराया जाए। उन्होंने मेले के दौरान एवं उसके पश्चात रामघाट क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जनपद में आई बाढ़ से कचरा व मलबा हटाने के लिए व मेले की साफ सफाई के लिए लगभग 520 सफाईकर्मी लगाए गए हैं।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि भाद्रपद अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक एवं चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेले में लगभग 15 सौ सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इसी क्रम में डीएम-एसपी ने रामसैया स्थित रैनबसेरा का भी निरीक्षण किया तथा अन्य जनपदों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने निर्देश दिए कि दीपावली मेले से पूर्व रैनबसेरे में आवश्यक वॉलपेपर आदि की व्यवस्था कराई जाए तथा सीलन की समस्या के स्थायी समाधान के साथ तत्काल अस्थायी निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि रामसैया की रोड पर लाइटिंग कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
