डीएम-एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य...

Jun 9, 2026 - 11:09
Jun 9, 2026 - 11:09
 0  3
डीएम-एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के दिए कड़े निर्देश

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

जनपद में संचालित छह केंद्रों में चित्रकूट इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी, श्री गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज, सेठ राधा कृष्ण पोद्दार इंटर कॉलेज सीतापुर का निरीक्षण किया गया। डीएम ने चित्रकूट इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों के फेशियल रिकग्निशन और डिजिटल स्कैनिंग का कार्य कर रही अधिकृत एजेंसी इनोवेटिव वोटिंग व्यू के तकनीकी सुपरवाइजर से स्कैनिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा व्यावहारिक रूप से उसका सत्यापन भी देखा। तकनीकी मानकीकरण के संबंध में पूछने पर सुपरवाइजर द्वारा अवगत कराया गया कि स्थापित नियमों के अनुसार यदि अभ्यर्थी का न्यूनतम 50 प्रतिशत तक फेस मिलान हो जाता है तो उसे प्रामाणिक एवं मान्य श्रेणी में स्वीकार किया जाता है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए केंद्रों पर स्वच्छ एवं ढके हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। संबद्ध सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त लहजे में निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संपूर्ण परीक्षा अवधि में पूर्णतः नकल विहीन वातावरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद पाई गई और सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0