डायट में कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री आधारित शिक्षण प्रतियोगिता संपन्न
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान...
चित्रकूट। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) शिवरामपुर के प्रांगण में जनपद स्तरीय कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री के माध्यम से शिक्षण संबंधी (लर्निंग आउटकम की संप्राप्ति) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों द्वारा कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री के माध्यम से कक्षा-शिक्षण में नवाचारों को प्रोत्साहित करना और शिक्षण को अधिक प्रभावी व रोचक बनाना है। प्रतियोगिता का शुभारंभ डायट प्राचार्य एवं अन्य संकाय सदस्यों की उपस्थिति में किया गया, जिसमें प्राथमिक स्तर पर भाषा एवं गणित विषय, तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर गणित, विज्ञान एवं सामाजिक अध्ययन विषयों से संबंधित शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक अपनी शिक्षण प्रस्तुतियां दीं। इस संपूर्ण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. गोरेलाल रहे तथा निर्णायक मंडल की भूमिका में शिवलाल सिंह यादव, अखिलेश कुमार पांडेय एवं सौरभ चंद्र शामिल रहे। मूल्यांकन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का परीक्षण करने के पश्चात प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के परिणामों की घोषणा की गई। प्राथमिक स्तर के परिणामों में स्नेहलता (गणित) और सोनाक्षी (भाषा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, तथा अन्य प्रतिभागियों में आशीष पाण्डेय, मोनिका, प्रेमचन्द्र यादव, ऋषिकेश, पूनम देवी, प्रियंका सिंह, सुमन और बलवीर सिंह शामिल रहे। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर के परिणामों में देव कुमार (सामाजिक अध्ययन), आनंद कुमार (गणित) और महेश प्रसाद (विज्ञान) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अन्य प्रतिभागियों में शहनाज बानो, रामकुमारी और मनीष कुमार ने सहभागिता की। डायट प्राचार्य ने सभी विजयी एवं सहभागिता करने वाले शिक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचारों से विद्यालयों में बच्चों की सीखने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल के सदस्यों ने सभी का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
