कछार पुरवा में सेवा का संगम : 328 ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच, 80 को मिले चश्मे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, कछार पुरवा...
निःशुल्क चश्मा पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे, बोले- अब साफ दिखाई देगा
चित्रकूट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, कछार पुरवा में विकास पथ सेवा संस्थान के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 328 ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इनमें 80 लोगों को श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय की ओर से निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मा पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक, बांदा-चित्रकूट के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों में अधिशासी अधिकारी राज किशोर प्रसाद, व्यापार मंडल के जिला मंत्री ऋषि आर्य तथा खंड शिक्षा अधिकारी अतुल दत्त तिवारी शामिल रहे। अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में लगभग 150 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। जरूरतमंदों को निःशुल्क आई ड्रॉप एवं दवाएँ उपलब्ध कराई गईं। वहीं, हंस फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। डॉ. रवीना चंदेल एवं एसपीओ अरबाब हुसैन सहित स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों की जाँच की। आधुनिक उपकरणों से युक्त मोबाइल पैथोलॉजी के माध्यम से विभिन्न जाँचें की गईं तथा मरीजों को निःशुल्क दवाएँ वितरित की गईं। आईटी राज पटेल, फार्मासिस्ट मयंक मिश्रा और धीरेंद्र सैनी ने भी शिविर में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
मुख्य अतिथि पंकज अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कछार पुरवा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं समस्त स्टाफ के प्रयासों की प्रशंसा की। खंड शिक्षा अधिकारी अतुल दत्त तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में इस तरह के आयोजन होने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलता है।
विकास पथ सेवा संस्थान के निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के क्षेत्र में निरंतर सेवा गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहा है। कछार पुरवा में आयोजित इस शिविर में 328 ग्रामीणों को लाभ मिला। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए हंस फाउंडेशन, श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय एवं उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने जरूरतमंद ग्रामीणों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए। चश्मा मिलने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें देखने में सुविधा होगी। अतिथियों का स्वागत छात्राओं पूजा एवं पूर्णिमा ने किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रचना यादव ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर हरिशंकरी पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
शिविर के सफल आयोजन में सभासद शंकर प्रसाद यादव, ग्राम प्रधान प्रेम नारायण सिंह, कमला देवी, विकास पथ सेवा संस्थान के निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह, पूर्व प्रधान बुदुल सिंह, प्रधानाध्यापिका रचना यादव, सुशील पांडेय, रंजना चंदेल, ममता सिंह, सरला सिंह, विद्यासागर सिंह, दीपा, प्रियंका द्विवेदी, गीतांजलि, संजू यादव, मंजू तिवारी, नीलम, सविता, उषा, मुन्नीबाई एवं रज्जीबाई सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
