युवा शक्ति से विकसित भारत की संकल्पना होगी साकार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बांदा के तत्वावधान में 26 अगस्त 2026 को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया...
आरएसएस के युवा संवाद में छात्रों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों का दिया संदेश
बांदा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बांदा के तत्वावधान में 26 अगस्त 2026 को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सह प्रांत प्रचारक मुनीश जी, विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद झा तथा कार्यक्रम अध्यक्ष जिला संघचालक सुरेंद्र जी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया गया।
युवा शक्ति को बताया राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
मुख्य अतिथि सह प्रांत प्रचारक मुनीश जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और जिस देश के पास सशक्त युवा शक्ति होती है, वह निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।
उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन एवं विचारों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार की दूरदर्शी सोच के कारण हिंदू समाज के संगठन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य आगे बढ़ रहा है।
श्री मुनीश जी ने संघ के प्रति नकारात्मक धारणा रखने वाले लोगों से शाखा में आकर संघ की कार्यप्रणाली को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्वरूप बदल गया है। आज युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाकर देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
नागरिक कर्तव्यों के पालन पर जोर
विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद झा ने कहा कि भारत को वास्तव में विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सबसे पहले नागरिकों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा। जिस देश के नागरिक जिम्मेदार होते हैं, उस देश का विकास स्वतः गति पकड़ता है। उन्होंने छात्रों से समाज परिवर्तन में सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
छात्रों के सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि मुनीश जी ने छात्रों द्वारा संघ, समाज एवं युवाओं की भूमिका से संबंधित पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र पाठक जी ने कहा कि राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी शक्ति युवा हैं। युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के माध्यम से ही विकसित भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन अभिमन्यु जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर नगर संघचालक रामनाथ जी, विभाग कार्यवाह संजय जी, जिला कार्यवाह श्यामसुंदर जी, जिला प्रचारक अनुराग जी, नगर कार्यवाह उमाशंकर जी समेत संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
